बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विद्यार्थियों का सम्मान; प्रवेशोत्सव को लेकर निकाली जागरूकता रैली
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) खैरथल पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, खैरथल में शनिवार को बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान तथा प्रवेश उत्सव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर से मुख्य बाजारों तक एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में विद्यालय स्टाफ, एसडीएमसी सदस्य और लगभग 300 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों और बाजारों से होते हुए निकाली गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, प्रवेशोत्सव और शैक्षणिक उपलब्धियों से जुड़े संदेश देकर आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम में विद्यालय के एसडीएमसी सदस्य बृजनंदन अवस्थी (पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, अलवर), महावीर सिंह चौधरी (पूर्व प्रधानाचार्य, खैरथल), मोहर सिंह चौधरी, प्रधानाचार्य अमरलाल, उपप्रधानाचार्य धनेश गर्ग सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
रैली के दौरान सिन्धु पत्रकार संघ के अध्यक्ष हीरालाल भूरानी, प्रमोद केवलानी तथा शहरवासियों ने भी विद्यार्थियों और स्टाफ का जगह-जगह फूलमालाओं और जलपान के साथ स्वागत किया। चाचा बेकरी पर मोनू क्रिकेट क्लब द्वारा, कल्ला जनरल स्टोर पर खैरथल क्रिकेट क्लब द्वारा जलपान कराया गया। वहीं जगदंबा मेडिकल पर फूलमालाओं से स्वागत किया गया तथा अंबेडकर सर्किल पर जाटव समाज ने विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। इसके अलावा श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल में प्रकाश चंद यादव द्वारा विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ का स्वागत कर जलपान कराया गया। विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का बोर्ड परीक्षा परिणाम अत्यंत सराहनीय रहा। कक्षा 12 में नेहा पुत्री लेखराज ने 94.6 प्रतिशत, ज्योति ने 93.8 प्रतिशत तथा जिगर ने 93.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विद्यालय का संकायवार परिणाम भी उत्कृष्ट रहा। विज्ञान संकाय, वाणिज्य संकाय एवं कृषि विज्ञान संकाय का परिणाम 100 प्रतिशत रहा, जबकि कला संकाय का परिणाम 99 प्रतिशत दर्ज किया गया। विद्यालय परिवार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।

