गंभीर बीमारी से जूझ रहे बालक के उपचार के लिए राज ब्रह्म कार्मिक टीम ने सहायता का हाथ बढ़ाया, सौंपा पचास हजार रूपए का चैक
राजगढ़ (अलवर) मानवता और सामाजिक सरोकार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज ब्रह्म कार्मिक टीम (आरबीके) ने एक्यूट ल्यूकेमिया (ब्लड कैंसर) से जूझ रहे बालक आयुष की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। समिति द्वारा बालक के उपचार हेतु 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
टीम के वरिष्ठ कार्यकर्ता मनोज कुमार गौतम ने रविवार को नोएडा स्थित पीजीआई अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बालक की माता को सहायता राशि का चेक सौंपा। इस दौरान समिति के सदस्य अनुज भी साथ रहे। मनोज कुमार गौतम ने बताया कि बालक आयुष वर्तमान में जीवन की कठिन जंग लड़ रहा है और उसे तुरंत बेहतर इलाज की आवश्यकता है।
- असहाय परिवार को मिला संबल
उल्लेखनीय है कि बालक आयुष पितृविहीन है और उसका परिवार आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर है। पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद परिवार के पास कैंसर जैसे महंगे इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं थे। ऐसी स्थिति में आरबीके समिति द्वारा की गई इस पहल ने परिवार को एक नई उम्मीद दी है।
टीम के सदस्यों ने बालक आयुष के सफल उपचार और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की मंगल कामना की। टीम ने यह भी संदेश दिया कि समाज के हर सक्षम व्यक्ति को ऐसे जरूरतमंद और गंभीर बीमारियों से ग्रसित बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

