अर्पण सेवा फाउंडेशन द्वारा 14 अप्रैल को 'पंछी मित्र अभियान 2.0' का आगाज़; निशुल्क वितरित किए जाएंगे परिंडे और पंछी घर
खैरथल (हीरालाल भूरानी) अर्पण सेवा फाउंडेशन के 'प्रकृति आयाम' के अंतर्गत पक्षियों के संरक्षण हेतु समर्पित 'पंछी मित्र अभियान 2.0' की शुरुआत इस वर्ष 14 अप्रैल को भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर की जाएगी। इस विशेष अभियान के तहत शिवालिक स्कूल, बहरोड़ में निशुल्क परिंडा व पंछी घर वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक ओम यादव ने बताया कि फाउंडेशन अपने 'प्रकृति आयाम' के माध्यम से वृक्षारोपण, जल संरक्षण और नन्हे पक्षियों के आवास व दाने-पानी की व्यवस्था कर धरती माँ की सेवा में निरंतर जुटा है। गौरतलब है कि इस अभियान की शुरुआत गत वर्ष 14 अप्रैल को भारत सरकार के माननीय मंत्री भूपेंद्र यादव के कर-कमलों द्वारा की गई थी।
इस वर्ष अभियान को विस्तार देते हुए फाउंडेशन ने 1100 निशुल्क परिंडे व पंछी घर वितरण करने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही पिछले वर्ष लगाए गए परिंदों की उचित देखरेख और संभाल का कार्य भी जारी रहेगा।
कार्यक्रम की शुरुआत मंगलवार, 14 अप्रैल को प्रातः 11:30 बजे शिवालिक स्कूल (भर्तृहरि रोड, बहरोड़) में होगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहरोड़ वृत्ताधिकारी (CO) सचिन शर्मा एवं थाना अधिकारी अंकित सामरिया होंगे, जिनके कर-कमलों द्वारा वितरण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
प्रकृति प्रेमी जो इस पुनीत कार्य में जुड़कर निशुल्क परिंडा या पंछी घर प्राप्त करना चाहते हैं, वे फाउंडेशन द्वारा जारी किए गए बारकोड (QR Code) पर जाकर अपना निशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं।

