मुख्यमंत्री की मंशानुरूप बृज चौरासी कोस परिक्रमा में हों उत्कृष्ट व्यवस्थाएं- जवाहर सिंह बेढ़म; आदिबद्री, केदारनाथ सहित प्रमुख पड़ावों पर होंगे भव्य सांस्कृतिक आयोजन

May 21, 2026 - 19:01
 0
मुख्यमंत्री की मंशानुरूप बृज चौरासी कोस परिक्रमा में हों उत्कृष्ट व्यवस्थाएं- जवाहर सिंह बेढ़म; आदिबद्री, केदारनाथ सहित प्रमुख पड़ावों पर होंगे भव्य सांस्कृतिक आयोजन

डीग (नीरज जैन) गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को डीग पंचायत समिति के सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर पुरुषोत्तम मास में आयोजित हो रही पावन बृज चौरासी कोस परिक्रमा की तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में जिला कलेक्टर मयंक मनीष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में गृहराज्य मंत्री बेढ़म ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए सर्वश्रेष्ठ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करे।
उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं तथा श्रद्धालुओं के ठहराव हेतु उपयुक्त आश्रय स्थलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। भीषण गर्मी को देखते हुए विश्राम स्थलों पर कूलर एवं अन्य राहत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने सभी प्रमुख पड़ावों और विश्राम स्थलों के बाहर “प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः निषिद्ध है” संबंधी सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही भंडारों एवं विश्राम स्थलों पर गैस सिलेंडरों की सुरक्षित आपूर्ति तथा लीकेज जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों से भामाशाहों एवं सामाजिक संगठनों की सहभागिता बढ़ाने तथा परिक्रमा मार्ग पर राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हो सकें।
परिक्रमा के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक स्वरूप को और अधिक भव्य बनाने के उद्देश्य से गृहराज्य मंत्री बेढ़म ने आदिबद्री धाम, केदारनाथ, भोजनथाली एवं कौथरा गेट सहित प्रमुख पड़ावों को आकर्षक सजावट से सुसज्जित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कला जत्थों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित कराने की बात भी कही, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ ब्रज संस्कृति की झलक मिल सके।
बैठक के अंत में गृहराज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि संपूर्ण ब्रज क्षेत्र आस्था, संस्कृति और अध्यात्म का जीवंत केंद्र है। इस पुनीत आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासन और आमजन मिलकर सहभागिता निभाएं, ताकि बृज चौरासी कोस परिक्रमा श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन सके।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................