झड़ाया 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ की गूंज अब गुजरात के सूरत शहर में, राजस्थानी प्रवासियों में भारी उत्साह
उदयपुरवाटी (झुंझुनूं/सुमेर सिंह राव) उदयपुरवाटी उपखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध झड़ाया बालाजी मंदिर में आगामी 17 जून से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक 108 कुंडीय श्री राम महायज्ञ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इस महायज्ञ की गूंज अब राजस्थान की सीमाओं को लांघकर गुजरात के सूरत शहर तक पहुंच चुकी है, जहां रह रहे राजस्थानी प्रवासियों में इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।
महायज्ञ के प्रचार-प्रसार और प्रवासियों को आमंत्रित करने के लिए झड़ाया से एक विशेष प्रतिनिधिमंडल सूरत पहुंचा है। इस प्रतिनिधिमंडल में यज्ञ संयोजक व मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 श्री सीताराम दास जी महाराज, यज्ञ सेवा समिति के अध्यक्ष मदनलाल भावरिया, महादेव जांगिड़, गोविंद जांगिड़ और महेंद्र जांगिड़ शामिल हैं। सूरत पहुंचने पर राजस्थानी प्रवासियों द्वारा इस प्रतिनिधिमंडल का जगह-जगह भव्य और जोरदार स्वागत किया गया।
महामंडलेश्वर श्री सीताराम दास जी महाराज के पावन सानिध्य में सूरत के विभिन्न इलाकों में महायज्ञ के सुंदर पोस्टरों का विमोचन किया गया और लोगों को यज्ञ में शामिल होने का न्योता दिया गया:
-
भामाशाहों को आमंत्रण: यज्ञ सेवा समिति के सदस्यों ने सूरत के द्वारकेश्वर मंदिर के भामाशाह (मूल निवासी पचलंगी) मनोज गोयल, दीपचंद गोयल और सुनील गोयल से मुलाकात कर उन्हें यज्ञ का विशेष निमंत्रण दिया।
-
औद्योगिक क्षेत्र में गूंज: सचिन जीआईडीसी (GIDC) के औद्योगिक क्षेत्र में महामंडलेश्वर के सानिध्य में उद्यमियों और श्रमिकों को यज्ञ में आने का न्योता दिया गया।
-
श्याम व विश्वकर्मा मंदिर के पास जनसंपर्क: सूरत के प्रसिद्ध श्याम मंदिर और विश्वकर्मा मंदिर के समीप कैलाश कुमावत, भंवर सिंह शेखावत, बजरंग जांगिड़, रामावतार जांगिड़ (तिवाड़ी का बास) और मुकेश जांगिड़ आदि प्रवासी बंधुओं से संपर्क कर महायज्ञ की पत्रिकाएं भेंट की गईं।
भक्तिमय माहौल: सूरत में रह रहे प्रवासी राजस्थानियों का कहना है कि झड़ाया धाम में होने वाला यह 108 कुंडीय महायज्ञ पूरे क्षेत्र में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाएगा। वे इस महायज्ञ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने उदयपुरवाटी आएंगे।


