माचाडी में 22 वर्षीय युवक ने मानसिक तनाव के चलते किया सुसाइड, पुलिस जांच में जुटी
राजगढ़ (अनिल गुप्ता) थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम माचाडी में एक 22 वर्षीय युवक द्वारा फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने का दुखद मामला सामने आया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माचाडी निवासी मनीष कुमार जोगी (22 वर्ष) पुत्र सुरेश चंद जोगी ने बीती देर रात अपने कमरे में फांसी का फंदा लगा लिया। घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और राजकीय चिकित्सालय पहुंचकर मामले की जानकारी ली। चिकित्सालय के डॉ. सत्यप्रकाश मीना ने युवक की मृत्यु की पुष्टि की।
इस दुखद घटना के सम्बंध में मृतक की माता चावली देवी ने बताया कि उनका पुत्र मनीष जोगी पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी डिप्रेशन और मानसिक तनाव के चलते उसने देर रात यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने मृतक की माता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए शोकाकुल परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन मामले के अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच में जुट गया है।


