अलवर में अवैध खनन माफिया पर पुलिस का बड़ा प्रहार; प्रशिक्षु IPS कार्तिकेय वर्मा की अगुवाई में 5 LNT, 6 JCB और 26 ट्रैक्टर जप्त
राजगढ़/रैणी (अनिल गुप्ता) अवैध खनन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अलवर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। प्रशिक्षु आईपीएस (IPS) कार्तिकेय वर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने रैणी थाना क्षेत्र के करणपुरा के जंगलों में चल रहे अवैध खनन पर अचानक धावा बोलकर भारी मात्रा में मशीनरी और वाहन जप्त किए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
- लंबे समय से मिल रही थी अवैध खनन की शिकायतें:
करणपुरा के जंगलों और आसपास के मैदानी इलाकों में पिछले काफी समय से बजरी और पत्थरों का अवैध खनन धड़ल्ले से जारी था। पर्यावरण और राजस्व को हो रहे इस नुकसान पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लंबे समय से इन पर नजर रखे हुए था।
- भारी पुलिस जाब्ते और QRT टीम ने घेरा जंगल:
कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय और सफल बनाने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस कार्तिकेय वर्मा ने खुद कमान संभाली। जंगल के रास्तों को ब्लॉक करने के लिए कई थानों की पुलिस और क्विक रेस्पॉन्स टीम (QRT) को साथ लिया गया। पुलिस की इस संयुक्त दबिश के दौरान मौके से अवैध खनन में लिप्त:
- 05 एलएनटी (LNT) मशीनें
- 06 जेसीबी (JCB) मशीनें
- 26 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त की गईं।
पुलिस ने मौके से जप्त की गई सभी मशीनों और ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में लेकर रैणी थाने लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन और खनिज विभाग की इस संयुक्त व त्वरित कार्रवाई के बाद अवैध रूप से प्रकृति का सीना चीर रहे माफिया और उनके गुर्गे मौके से भाग खड़े हुए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।


