रंजीत मीना के जन्मदिन पर रक्तदान शिविर का आयोजन; महिलाओं और युवाओं ने दिखाई जागरूकता, 35 यूनिट रक्त संग्रहित
खेड़ली (दिनेश लेखी)। सामाजिक सरोकारों को समर्पित 'सोच बदलो गांव बदलो टीम' और 'अर्चना फाउंडेशन टीम' के संयुक्त तत्वावधान में सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत मीना के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गर्ग हॉस्पिटल में एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके फलस्वरूप कुल 35 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
- 15 युवाओं ने पहली बार किया रक्तदान, महिलाओं ने पेश की मिसाल:
इस शिविर की सबसे खास बात यह रही कि जहां 15 नव-युवाओं ने अपने जीवन का पहला रक्तदान (फर्स्ट टाइम डोनर) किया, वहीं आधी आबादी ने भी इसमें अपनी सशक्त भागीदारी निभाई। समाज को सकारात्मक संदेश देते हुए 7 महिलाओं ने रक्तदान किया, जिनमें मोनिका यादव, रचना चौधरी, तानिया, रानी शर्मा एवं कृष्णा प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
- गणमान्य नागरिकों ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला:
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात प्रभारी संजय शर्मा, प्रख्यात समाजसेवी दौलतराम हजरती, धर्मेंद्र अदलखा, डॉ. मिथलेश गर्ग, डॉ. विजेंद्र गर्ग, प्रदूषण नियंत्रण वैज्ञानिक डी.पी.एस., पूर्व नर्सिंग एसोसिएशन अध्यक्ष राजपाल यादव, एसडीओ सुखराम मीना और देवकीनंदन मीना सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शिरकत की और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
- अर्चना फाउंडेशन का 142वां सफल शिविर:
फाउंडेशन के टीम सदस्यों ने बताया कि संस्था लगातार मानवीय संवेदनाओं से जुड़कर कार्य कर रही है और यह उनका 142वां रक्तदान शिविर था। संस्था पूर्व में भी नेत्र जांच और जरूरतमंदों की मदद के लिए लगातार सक्रिय रही है। शिविर संयोजकों ने "रक्तदान महादान" के मूलमंत्र को दोहराते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। कार्यक्रम के समापन पर सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों को स्मृति चिह्न देकर आभार व्यक्त किया गया।


