बहरोड़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष उपलक्ष्य में 'खेल संगम' का आयोजन; युवाओं ने भारतीय खेलों का लिया आनंद
खैरथल (हीरालाल भूरानी) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आज स्थानीय राजकीय खेल मैदान में प्रताप बस्ती के युवाओं के लिए एक भव्य 'खेल संगम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय पारंपरिक खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा व राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना था। इस प्रेरणादायक कार्यक्रम में सह जिला कार्यवाह अनिल कुमार, नगर कार्यवाह प्रेम कुमार और जिला धर्म जागरण संयोजक नवीन कुमार गुरूजी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अतिथियों ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए भारतीय खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला। साथ ही, कार्यक्रम में ओम यादव, अजीत कुमार, राजेंद्र कुमार, राजेश, भवानी सिंह, मोहन सिंह, जितेंद्र कुमार, कार्तिक सिंह, कार्तिक कुमार, शेर सिंह, कौशल, आदित्य कुमार और सुमित कुमार यादव सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य बंधु उपस्थित रहे।
पारंपरिक खेलों की रही धूम
प्रतियोगिताओं में रस्साकशी, सतोलिया (पिट्ठू), कबड्डी, बारूद की पेटी, रिंगोल और 400 मीटर दौड़ ने युवाओं का मन मोह लिया। इन खेलों के माध्यम से युवाओं ने अपनी शारीरिक दक्षता, टीम भावना और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
'एक पेड़ मां के नाम' के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान रहा। अर्पण सेवा फाउंडेशन के सहयोग से विजेताओं को पौधे भेंट किए गए, जिसने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।
विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी
इस खेल महाकुंभ में यूनिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सर्वोदय बाल भारती स्कूल, शिवालिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संत जेवियर स्कूल और श्रीराम एकेडमी के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की।
संकल्प के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन 'भारत माता की जय' के ओजस्वी उद्घोष के साथ हुआ। सभी युवाओं ने भारतीय खेलों को बढ़ावा देने और पर्यावरण की रक्षा करने का सामूहिक संकल्प लिया।


