765 केवी हाईटेंशन तार चोरी का बड़ा पर्दाफाश: उदयपुर पुलिस ने शिरडी तक पीछा कर 55 लाख का माल किया बरामद, 3 गिरफ्तार
55 लाख रुपये के हाईटेंशन बिजली तार चोरी का 72 घंटे में खुलासा, उदयपुर पुलिस ने शिरडी और इसवाल से 3 को दबोचा
उदयपुर। उदयपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 55 लाख रुपये से अधिक कीमत के 765 केवी हाईटेंशन बिजली तार चोरी मामले का महज 72 घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो ट्रक ड्राइवरों और एक खलासी को गिरफ्तार कर चोरी का शत-प्रतिशत माल (चारों ड्रम) बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किए गए दो ट्रकों को भी जब्त कर लिया गया है।
शिरडी और इसवाल तक पीछा कर पकड़ा गया माल
थानाधिकारी प्रवीण सिंह के अनुसार, कलपतरू प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड में पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के प्रभारी संजय सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि सोरिया घाटी ओबरा कला स्थित सिरोही-ऋषभदेव ट्रांसमिशन लाइन निर्माण स्थल से 29 जुलाई की रात अज्ञात बदमाशों ने 55.14 लाख रुपये मूल्य के बिजली लाइन के 4 विशाल ड्रम पार कर दिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी सहायता और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध ट्रकों की पहचान की। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस टीम ने एक ट्रक को महाराष्ट्र के शिरडी से और दूसरे ट्रक को उदयपुर के इसवाल क्षेत्र से जब्त कर लिया।
आरोपी कोर्ट में पेश, पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक ईश्वर सिंह (50) (निवासी भींडर), छोटूलाल (42) (निवासी जयपुर) और खलासी सुरेश कुमार (31) (निवासी बूंदी) को गिरफ्तार कर लिया है।
तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि इस चोरी के पीछे कोई बड़ा अंतरराज्यीय गिरोह तो सक्रिय नहीं है और चोरी के इस तार को कहां खपाने की योजना थी।

