भरतपुर में फिल्मी स्टाइल में लूट नाकाम: बाहर से शटर बंद, अंदर छटपटाते रहे ATM लुटेरे
प्लान था मशीन उखाड़ने का, खुद हवालात पहुंच गए: सिपाही की एक चाल से धराशायी हुआ बदमाशों का मंसूबा
भरतपुर | कोशलेन्द्र दत्तात्रेय
शहर में बीती रात किसी थ्रिलर फिल्म जैसा नजारा देखने को मिला। MSJ कॉलेज के सामने बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM को कटर से काटकर लूट की साजिश रच रहे दो शातिर बदमाशों को एक गश्ती सिपाही ने अपनी सूझबूझ से रंगे हाथ पकड़वा दिया। सिपाही ने शोर मचाने के बजाय चुपचाप बाहर से शटर गिराकर बदमाशों को पिंजरे के चूहों की तरह अंदर ही 'लॉक' कर दिया।
सिपाही का शानदार 'फिल्मी' एक्शन
देर रात सारस चौकी के कांस्टेबल उदय सिंह गश्त कर रहे थे। तभी उनकी पैनी नजर ATM पर पड़ी, जहाँ दो बदमाश मशीन काट रहे थे। खतरे को भांपते हुए कांस्टेबल ने तुरंत समझदारी दिखाई और बिना कोई जोखिम उठाए दुकान का शटर बाहर से बंद कर दिया। शटर गिरते ही लुटेरे अंदर फंस गए, जिसके बाद मथुरा गेट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को दबोच लिया। कांस्टेबल उदय सिंह की इस सतर्कता की पूरे पुलिस महकमे में तारीफ हो रही है।
साथियों ने दिया धोखा, मंसूबे हुए नाकाम
बदमाशों की योजना पूरी तरह सेट थी। वे ATM को काटकर सीधे गाड़ी में लादकर ले जाना चाहते थे। पूछताछ में सामने आया कि उनका एक साथी बाहर पहरा दे रहा था और कुछ अन्य साथी बैकअप के लिए गाड़ी लेकर आसपास घूम रहे थे। लेकिन पुलिस की जीप का सायरन सुनते ही पहरा दे रहे गुर्गे अपने साथियों को अंदर फंसा छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गए।
गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने शटर खुलवाकर अंदर कैद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस बड़ी कार्रवाई में पुलिस को कई अहम सुराग और सामग्रियां मिली हैं:
-
गिरफ्तार आरोपी: अजय चौधरी (निवासी अभोर्रा, थाना कुम्हेर, जिला डीग) और कुलदीप (निवासी इगलास, जिला अलीगढ़)।
-
बरामद औजार: मौके से कटर मशीन, हथौड़ा और ATM काटने के अन्य भारी उपकरण जब्त किए गए।
-
संदिग्ध वाहन: एक बुलेट बाइक बरामद हुई है, जिसकी नंबर प्लेट पर पहचान छिपाने के लिए टेप चिपकाया गया था।
मथुरा गेट थाना पुलिस अब फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी किसी एटीएम लूट को अंजाम दिया है।

