ग्रामीणों के आक्रोश के आगे झुका परिवहन विभाग:भजीट में पत्थरों से भरे 2 ओवरलोड डंपरों पर बड़ी कार्रवाई, हड़कंप
अलवर | अनिल कुमार गुप्ता
उधोग नगर थाना क्षेत्र के गांव भजीट में आम रास्तों को छलनी कर रहे ओवरलोड डंपरों के खिलाफ आखिरकार परिवहन विभाग को एक्शन मोड में आना पड़ा। ग्रामीणों की बार-बार शिकायत और विरोध के बाद हरकत में आए परिवहन विभाग ने मौके पर पहुंचकर पत्थरों से भरे दो ओवरलोड डंपरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के डंपर मालिकों और खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
सड़क क्षतिग्रस्त, लोग हो रहे थे चोटिल भजीट गांव के मुख्य आम रास्ते से रोजाना क्षमता से अधिक भरे हुए भारी डंपर गुजर रहे थे, जिससे सड़क पूरी तरह टूटकर क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। खस्ताहाल रास्ते के कारण आए दिन पैदल चलने वाले ग्रामीण और राहगीर चोटिल हो रहे थे। ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले एकजुट होकर डंपरों को रोककर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। तब उधोग नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया और कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई असर नहीं दिखा।
परिवहन अधिकारी ने मौके पर जाकर की कार्रवाई पुलिस की सुस्ती के बाद ग्रामीणों ने सीधे परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। सूचना मिलते ही परिवहन विभाग के अधिकारी अमर सिंह मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सड़क पर दौड़ रहे पत्थरों से लदे दो ओवरलोड डंपरों को रोककर उनके चालान काटे और जब्ती की कार्रवाई की।
मौके पर मौजूद रहे ग्रामीण कार्रवाई के दौरान भजीट गांव के सरपंच ज्ञानसिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि गांव के रास्तों को नुकसान पहुंचाने वाले ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

