राजगढ़ में गणेश पूजन के साथ श्रीरामलीला का शंखनाद: कला संगम की स्वर्ण जयंती पर 'महाराजा भर्तहरि' लोक नाट्य का भी होगा मंचन
राजगढ़ (अलवर) अनिल कुमार गुप्ता
क्षेत्र की प्रसिद्ध सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था 'कला संगम' द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली ऐतिहासिक श्रीरामलीला के मंचन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रिहर्सल शुरू करने से पूर्व गणेश पोल स्थित श्री गणेश जी मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विघ्नहर्ता श्री गणेश महाराज का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।
स्वर्ण जयंती वर्ष में श्रीरामलीला संग 'महाराजा भर्तहरि' का मंचन संस्था के सचिव जगमोहन शर्मा ने बताया कि कला संगम इस वर्ष अपनी स्वर्ण जयंती (50वां वर्ष) मना रही है। इस ऐतिहासिक अवसर को खास और यादगार बनाने के लिए श्रीरामलीला के मंचन के अलावा सुप्रसिद्ध लोक नाट्य 'महाराजा भर्तहरि' का भी भव्य मंचन किया जाएगा, जो दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
तैयारियों में जुटे संस्था के पदाधिकारी गणेश पूजन के साथ ही रामलीला के पात्रों ने अपने संवादों और अभिनय की रिहर्सल शुरू कर दी है। इस शुभ अवसर पर संस्था के किशोर मुखर्जी, दीन दयाल, बृजेंद्र अवस्थी, कुलदीप शर्मा, मुनेश सैन सहित कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने इस स्वर्ण जयंती आयोजन को भव्य और सफल बनाने का संकल्प लिया।

