संविधान दिवस पर बार संघ कठूमर में बैठक, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर हुआ मंथन
संविधान दिवस पर बार संघ कठूमर में बैठक, संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर हुआ मंथनएडीजे उदय सिंह अलोरिया ने कहा- मौलिक अधिकारों और संवैधानिक उपचारों की व्यावहारिक जानकारी आमजन तक पहुंचाना जरूरी
कठूमर (दिनेश लेखी)। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के तत्वावधान में बार संघ कठूमर में विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का आयोजन समिति अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश उदय सिंह अलोरिया के निर्देशानुसार हुआ, जिसमें संवैधानिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
‘संविधान समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है’ बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष उदय सिंह अलोरिया ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है, जो प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। संविधान नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों के साथ-साथ देश और समाज के प्रति उनके कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, संवैधानिक मूल्यों एवं संवैधानिक उपचारों की व्यावहारिक जानकारी आमजन तक पहुंचाना बेहद आवश्यक है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति न्याय प्राप्त करने के अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सके। उन्होंने संवैधानिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
न्यायाधीशों व बार संघ पदाधिकारियों की रही उपस्थिति इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कठूमर युधिष्ठिर मीना, सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आदित्य शर्मा, तालुका विधिक सेवा समिति से योगेश चौहान, कठूमर बार संघ अध्यक्ष सुभाष चंद्र शर्मा और खेरली मंडी बार अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरुका विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही अधिवक्ता रामजीलाल शर्मा, तेजसिंह राठी, ओमवीर सिंह फौजदार, भागचंद जैन, ललित मोहन शर्मा, सत्येंद्र सिंह चौधरी, श्याम सिंह चौहान, समंदर कुमार शर्मा एवं सुभाष चंद कठूमर सहित अनेक अधिवक्ताओं ने बैठक में भाग लिया।

