अर्रूवा में विधिक जागरूकता शिविर व नारी संवाद, महिलाओं को बताए कानूनी अधिकार; बाल विवाह रोकथाम की ली शपथ
अर्रूवा में विधिक जागरूकता शिविर व नारी संवाद, महिलाओं को बताए कानूनी अधिकार; बाल विवाह रोकथाम की ली शपथ60 दिवसीय मेगा ड्राइव के तहत हुआ आयोजन, स्थायी लोक अदालत व टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 की दी गई जानकारी
कठूमर (दिनेश लेखी)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर और तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर के तत्वावधान में गुरुवार को ग्राम पंचायत अर्रूवा स्थित अटल सेवा केंद्र पर विधिक जागरूकता शिविर एवं सामुदायिक बैठक (नारी संवाद कार्यक्रम) का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शुरू हुए 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 30 महिलाओं व ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
सार्वजनिक सेवाओं व स्थायी लोक अदालत की मिली जानकारी कार्यक्रम में अधिकार मित्र संदीप कुमार शर्मा ने आम नागरिकों को सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बिजली, पानी, परिवहन, डाक और टेलीफोन जैसी जरूरी सेवाओं में कमी या गलत बिलिंग होने पर संबंधित विभाग के शिकायत निवारण केंद्र, उपभोक्ता आयोग या सक्षम विधिक मंच पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। स्थायी लोक अदालत के विषय में बताते हुए उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम 1987 की धारा 22-B के अंतर्गत सार्वजनिक उपयोगिता सेवाओं से संबंधित विवादों का मुकदमा दायर करने से पहले आपसी सहमति व सुलह के जरिए समाधान कराया जा सकता है, जिससे कम खर्च और कम समय में सुलभ न्याय मिलता है।
नारी संवाद में सुरक्षा, अधिकारों व योजनाओं पर चर्चा नारी संवाद कार्यक्रम के तहत महिलाओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सामाजिक चुनौतियों को जाना गया। इस दौरान महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, महिला सुरक्षा, बाल विवाह निषेध, बाल अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम की धारा 12 के तहत महिलाएं, बच्चे, दिव्यांगजन सहित अन्य पात्र वर्ग निःशुल्क कानूनी सहायता के हकदार हैं।
बाल विवाह रोकथाम, नशा मुक्ति और संविधान की ली शपथ शिविर में उपस्थित महिलाओं व ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम और नशा मुक्ति अभियान की शपथ दिलाई गई। साथ ही संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा अधिकारों व कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया गया। कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी अन्याय, शोषण या कानूनी समस्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अलवर व तालुका विधिक सेवा समिति कठूमर से संपर्क किया जा सकता है। इस मौके पर महिला अधिकारिता विभाग की साथिन कुसुमलता, एएनएम दिगंबर फौजदार, कृपा बहन, ग्राम विकास अधिकारी नीरज मीणा, आशा सहयोगिनी सहित चयनित महिलाएं व ग्रामीण मौजूद रहे।

