पंचायत समिति कठूमर में मनाया गया संविधान दिवस, कार्मिकों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
पंचायत समिति कठूमर में मनाया गया संविधान दिवस, कार्मिकों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचनमौलिक अधिकारों के सम्मान और संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन का लिया संकल्प; बीडीओ ने बताए संविधान के आदर्श
कठूमर (दिनेश लेखी)। पंचायत समिति कठूमर में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा के नेतृत्व में कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ ली।
संवैधानिक कर्तव्यों और सामाजिक सद्भाव की प्रतिबद्धता कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रत्येक नागरिक को प्राप्त मौलिक अधिकारों का सम्मान करने और अपने संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया। इस दौरान देश की एकता व अखंडता अक्षुण्ण रखने, राष्ट्रीय ध्वज और राष्ट्रगान का सम्मान करने, संविधान के आदर्शों को अपनाने, सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने तथा सामाजिक सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई गई।
‘न्याय, स्वतंत्रता, समता व बंधुता देते हैं प्रेरणा’ इस अवसर पर विकास अधिकारी बच्चू सिंह मीणा ने भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। इसमें समाहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्श हर नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कार्मिकों से अपने दैनिक कार्यों में संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने और आमजन को उनके अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता व संप्रभुता को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पंचायत समिति के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

