प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी राजस्थान को 17 हजार करोड़ रुपए की सौगात, कांग्रेस पर साधा निशाना

Feb 17, 2024 - 07:20
 0
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी राजस्थान को 17 हजार करोड़ रुपए की सौगात, कांग्रेस पर साधा निशाना

मकराना (मोहम्मद शहजाद)   प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को सुबह 11 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विकसित भारत विकसित राजस्थान कार्यक्रम को संबोधित किया। मकराना शहर के मंगलाना रोड़ पर स्थित राज सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीडियो कांफ्रेंस का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने 17 हजार करोड़ रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात राजस्थान को दी। उन्होंने सड़क, रेलवे, सौर ऊर्जा, विद्युत ट्रांसमिशन, पेयजल, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस आदि क्षेत्रों से संबंधित सौगाते दी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में समृद्ध राजस्थान की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कुछ दिन पहले फ्रांस के राष्ट्रपति जी का आपने जयपुर में जो स्वागत-सत्कार किया, उसकी गूंज पूरे भारत समेत फ्रांस में भी हो रही है।

यही तो राजस्थान के लोगों की खासियत है, हमारे राजस्थान के भाई-बहन जिस पर प्रेम लुटाते हैं, कोई कसर बाकी नहीं छोड़ते। आज राजस्थान के विकास के लिए करीब 17 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। ये प्रोजेक्ट्स रेल, रोड, सौर ऊर्जा, पानी और एलपीजी जैसे विकास कार्यक्रमों से जुड़े हैं। ये परियोजनाएं राजस्थान के हजारों युवाओं को रोजगार देने वाली हैं। ये हर परिवार का जीवन समृद्ध बनाने का अभियान है, ये गरीबी को जड़ से मिटाने का अभियान है, ये युवाओं के लिए अच्छे रोजगार बनाने का अभियान है, ये देश में आधुनिक सुविधाएं बनाने का अभियान है।

वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अपने संबोधन में प्रधानमंत्री कांग्रेस पर निशाना साधने से भी नहीं चूके। उन्होंने भाषण में कांग्रेस पर जमकर बयानी वार किए। उन्होंने कहा कांग्रेस के साथ एक बहुत बड़ी समस्या ये है कि वो दूरगामी सोच के साथ सकारात्मक नीतियां नहीं बना सकती। कांग्रेस न भविष्य को भांप सकती है और न ही भविष्य के लिए उसके पास कोई रोड मैप है। कांग्रेस की इसी सोच के कारण भारत अपनी बिजली व्यवस्था को लेकर बदनाम रहता था। कांग्रेस के दौरान बिजली की कमी के कारण पूरे देश में कई-कई घंटों तक अंधेरा हो जाता था। करोड़ों घरों में बिजली कनेक्शन ही नहीं था। बिजली के अभाव में कोई भी देश विकसित नहीं हो सकता। कांग्रेस जिस रफ्तार से इस चुनौती पर काम कर रही थी, उससे बिजली समस्या ठीक होने में कई दशक लग जाते। उन्होंने कहा सोलर से आज हर ग्राम शहर में बिजली की आपूर्ति की जा रही है। पीएम सूर्य घर के तहत सरकार 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की व्यवस्था करेगी। सोलर पैनल लगाने के लिए सस्ता और आसान ऋण दिया जायेगा। डबल इंजन सरकार गरीब और माध्यम वर्ग को आगे लाने के लिए जुटी है। पिछली सरकार के पेपर लीक के लिए जांच के लिए एसआईटी बना दी गई है, पेपर लीक करने वालों के खिलाफ केंद्र ने कड़ा कानून बनाया है जिससे पेपर लीक करने वाला माफिया कई बार सोचेगा। संबोधन के अंत में उन्होंने कहा विकसित भारत बनाने के लिए हम देश के 4 वर्गों को मजबूत बनाने में जुटे हैं। ये वर्ग हैं- युवा, महिला, किसान और गरीब। हमारे लिए यही 4 सबसे बड़ी जातियां हैं। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को गारंटी कार्ड और योजनाओं का लाभ दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर मकराना उपखंड अधिकारी जेपी बैरवा, नगर परिषद आयुक्त सीता वर्मा, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दीपक कुमार शुक्ला, पंचायत समिति की प्रधान सुमिता भींचर, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष घनश्याम सोनी सहित शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आए हजारों लोग उपस्थित थे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी GEXPRESSNEWS54@GMAIL.COM या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................