अलवर में मुख्य बाजारों में अतिक्रमण स्थलों का निरीक्षण
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर नगर निगम द्वारा मनु मार्ग स्थित मुख्य बाजारों में अतिक्रमण के चिन्हित स्थानों का निरीक्षण किया गया। नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह के नेतृत्व में निगम की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र का नाप तौल कर जायजा लिया। आयुक्त ने बताया कि मनु मार्ग पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को लेकर व्यापारी भी चिंता जता रहे हैं।
आयुक्त ने मीडिया से बातचीत में कहा कि नगर निगम की टीम ने आज सभी चिन्हित स्थानों का विस्तृत निरीक्षण किया है, जहां फुटपाथ, सड़क किनारे तथा दुकानें के बाहर फैले अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उन्होंने बताया कि अधिकांश व्यापारी निगम की कार्रवाई के समर्थन में हैं और चाहते हैं कि बाजार पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो। आयुक्त ने कहा कि जो कुछ लोग विरोध करते हैं, उनकी संख्या बहुत कम है, और निगम शहरवासियों के हित में बिना किसी दबाव के नियमानुसार कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के लिए निगम लगातार अभियान चला रहा है, ताकि शहर की मुख्य सड़कों और बाजारों में सुगम आवाजाही बनी रहे। मनु मार्ग पर आज जिन स्थानों को चिन्हित किया गया है, उन पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।आयुक्त ने यह भी कहा कि अलवर नगर निगम का लक्ष्य शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना है, और इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।