जनसुनवाई कर मौके पर ही किया समस्याओं को निस्तारण; अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति का उत्थान ही सुशासन का ध्येय - बेढम
डीग (नीरज जैन) राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, शनिवार को गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने डीग जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों का सघन दौरा कर आमजन को सरकार द्वारा 2 वर्ष में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने विशाल जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार 'सबका साथ-सबका विकास' की मूल भावना के साथ कार्य कर रही है ।
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम का काफिला जैसे ही गाँवों में पहुँचा, माहौल उत्सवी हो गया। डीग जिले के गांव सेऊ-सुहेरा, धमारी, नाहरा चौथ , परमदरा और गुहाना में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने मंगल गीत गाते हुए भव्य 'कलश यात्रा' निकालकर उनका आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक साफे पहना कर और पुष्प वर्षा के साथ ग्रामीणों ने अपने लाडले मंत्री का अभिनंदन किया।
जनसभाओं को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राजस्थान ने विकास की नई इबारत लिखी है। उन्होंने कहा हमारी सरकार तुष्टिकरण नहीं, बल्कि संतुष्टिकरण के मंत्र पर काम करती है। आज 'विकास रथ' के माध्यम से जो फिल्म दिखाई जा रही है, वह महज प्रचार नहीं, बल्कि उन लाखों लाभार्थियों की हकीकत है जिनके जीवन में उजाला आया है।
उन्होंने विशेष रूप से ईआरसीपी (राम जल सेतु), कानून व्यवस्था में सुधार और गोपालन विभाग द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक कदमों का जिक्र किया। मंत्री बेढम ने कहा कि किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है।
अपने दौरे के दौरान मंत्री बेढम ने विकास रथ का अवलोकन किया। रथ की बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेशों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की लघु फिल्मों का प्रसारण देख ग्रामीण मंत्रमुग्ध हो गए।
अपने दौरे के दौरान मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने न केवल सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश किया, बल्कि आमजन की समस्याएं भी सुनीं। बिजली, पानी और सड़कों से जुड़ी परिवेदनाओं पर उन्होंने6 मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
इस जनसंपर्क अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।