ओडेला में एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम पर मधुमक्खियों का हमला: शुक्रवार को खाई में गिरे ऑपरेटर के लिए चालाया जा रहा था सर्च ऑपरेशन, एसडीआरएफ अधिकारी सहित तीन जवान घायल
अलवर जिले के रामगढ़ उपखण्ड के ओडेला गांव स्थित खनन क्षेत्र में चल रहे बचाव अभियान के दौरान मधुमक्खियों के हमले से एसडीआरएफ के एक अधिकारी सहित तीन जवान घायल हो गए।
शुक्रवार शाम को पहाड़ दरकने से एक पोकलेन मशीन ऑपरेटर सहित करीब सौ फीट गहरी पानी से भरी खाई में गिर गया। एनडीआरएफ की टीम शनिवाार सुबह से सर्च ऑपरेशन में लगी है। इस दौरान रविवार दोपहर तेज धूप के कारण अचानक मधुमक्खियों ने बचाव कार्य में लगे जवानों पर हमला कर दिया।
इस हमले में एसडीआरएफ के हेड कांन्स्टेबल बलराम, जयप्रकाश और सरजीत घायल हो गए। घायल जवानों को तत्काल एएसआई राजेश सारण द्वारा निजी वाहन से रामगढ़ उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
एसडीआरएफ के घायल हेड कांन्स्टेबल बलराम ने बताया - पोकलेन मशीन का पता शनिवार को ही लगा लिया गया था। मशीन को रस्सों की मदद से बाहर निकालने की तैयारी चल रही थी, तभी मधुमक्खियों ने टीम पर हमला कर दिया।
- ऑपरेटर का नहीं चल पाया पता
बचाव कार्य में लगे कर्मचारी सरजीत ने बताया - खाई में पानी की गहराई करीब 150 फीट से अधिक है और नीचे नुकीले पत्थर मौजूद हैं, जिससे रेस्क्यू कार्य बेहद जोखिम भरा हो गया है। पोकलेन मशीन का ऊपरी शीशा टूटा हुआ मिला है, लेकिन मशीन ऑपरेटर का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अजमेर से एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। बचाव अभियान की निगरानी डीएसपी पिंटू कुमार कर रहे हैं, जबकि तहसीलदार अंकित गुप्ता भी घटनास्थल पर मौजूद हैं।प्रशासन ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले से बचाव कार्य में थोड़ी देरी जरूर हुई है, लेकिन सुरक्षा इंतजामों के साथ अभियान लगातार जारी है।


