जीवविज्ञान ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर मुंबई में राजस्थान के एकमात्र प्रतिनिधि बने कठूमर के मनोज कुमार सैनी
कठूमर ( दिनेश लेखी)। उपखंड क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नूरपुर के उपप्रधानाचार्य एवं जीवविज्ञान व्याख्याता मनोज कुमार सैनी ने मुंबई स्थित प्रतिष्ठित होमी भाभा विज्ञान शिक्षा केंद्र (HBSCE) में आयोजित पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जीवविज्ञान ओलंपियाड प्रशिक्षण शिविर में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भारत व नेपाल के 58 चयनित शिक्षकों में राजस्थान से अकेले प्रतिनिधि
6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तरीय शिविर में भारत और नेपाल से कुल 58 उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन किया गया था। संपूर्ण राजस्थान राज्य से चयन पाने वाले मनोज कुमार सैनी एकमात्र शिक्षक रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू वर्मा ने इसे पूरे जिले और राज्य के सरकारी शिक्षा तंत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।
आधुनिक तकनीकों से सुदृढ़ होगी विद्यार्थियों की समझ
प्रशिक्षण से लौटे मनोज कुमार सैनी ने बताया कि शिविर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जीवविज्ञान के उन्नत सैद्धांतिक ज्ञान, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और प्रयोगात्मक अनुसंधान का गहन अभ्यास कराया गया।
उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण का सीधा लाभ विद्यालय के विद्यार्थियों को मिलेगा। इससे न केवल प्रयोगशाला तकनीकों में सुधार होगा, बल्कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET), होमी भाभा विज्ञान ओलंपियाड और अन्य राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन प्राप्त हो सकेगा।
विद्यालय परिवार व क्षेत्र में खुशी की लहर
प्रधानाचार्य मंजू वर्मा एवं समस्त विद्यालय स्टाफ ने मनोज कुमार सैनी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण से सरकारी विद्यालयों में विज्ञान शिक्षा का स्तर और अधिक गुणवत्तापूर्ण बनेगा।

