रामगढ़:ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से भड़के चौमा के किसान, सरपंच के नेतृत्व में जीएसएस पर प्रदर्शन; दो दिन में समाधान का आश्वासन
ट्रिपिंग और लो वोल्टेज से भड़के चौमा के किसान, सरपंच के नेतृत्व में जीएसएस पर प्रदर्शन; दो दिन में समाधान का आश्वासनसिंचाई के लिए निर्बाध छह घंटे बिजली की मांग, दस दिन में दर्जनों मोटरें फुंकने का दावा; एईएन मौके पर पहुंचे
रामगढ़/अलवर (राधेश्याम गेरा)। उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चौमा में किसानों को सिंचाई के लिए दी जाने वाली विद्युत आपूर्ति में बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अघोषित कटौती से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को सरपंच संजय राजपूत के नेतृत्व में अलावड़ा स्थित जीएसएस पर विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित किसानों ने जीएसएस से जुड़े अन्य फीडरों की सप्लाई बंद कराने के लिए वहां कार्यरत कर्मचारी जुनैद पर दबाव बनाया। सूचना मिलने पर जीएसएस कर्मचारी व फीडर इंचार्ज रोशनलाल ने कनिष्ठ अभियंता लक्ष्मी मीणा और सहायक अभियंता राजकुमार योगी को मामले से अवगत कराया। जानकारी मिलते ही सहायक अभियंता राजकुमार योगी करीब दस मिनट में रामगढ़ से अलावड़ा जीएसएस पहुंचे और किसानों की समस्याएं सुनीं।
रातभर जागने के बावजूद नहीं मिल रही पूरी बिजली, मोटरें फुंकने का दर्द प्रदर्शन के दौरान किसानों ने बताया कि सरसों और गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए उन्हें पूरी रात खेतों में खड़ा रहना पड़ता है, लेकिन बार-बार ट्रिपिंग होती है और आधे से एक घंटे इंतजार के बाद बिजली आती भी है तो वह बेहद कम वोल्टेज की होती है। किसानों का कहना था कि राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार छह घंटे बिजली भी नहीं मिल पा रही, कभी तीन घंटे तो कभी चार-पांच घंटे ही आपूर्ति हो रही है। लो वोल्टेज व बार-बार ट्रिपिंग के कारण पिछले दस दिनों में ही दर्जनों किसानों की मोटरें फुंक चुकी हैं। किसानों ने लगातार छह घंटे निर्बाध बिजली और सही वोल्टेज की मांग की। साथ ही कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि सप्लाई करने वालों को एक-दो हजार रुपये देने पर अतिरिक्त बिजली मिल जाती है।
‘आश्वासन के अलावा नहीं मिल रही ठोस राहत’ सरपंच संजय राजपूत ने कहा कि पिछले दस दिनों से बिजली संकट से जूझ रहे किसान रोजाना समस्या लेकर उनके पास आ रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से बात की तो हर बार एक-दो दिन में समाधान का आश्वासन ही मिला। सरपंच ने स्पष्ट किया कि किसानों को लगातार छह घंटे बिजली दी जाए, अन्यथा ऐसी आपूर्ति का कोई फायदा नहीं जिससे पूरी रात इंतजार में बीते या मोटरें फुंक जाएं।
फीडर विभाजन से मिलेगी राहत, रिश्वत मांगने पर करें शिकायत: एईएन किसानों की बात सुनने के बाद सहायक अभियंता राजकुमार योगी ने बताया कि चौमा फीडर पर लोड अधिक होने के कारण मशीन ट्रिप कर जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए चौमा फीडर को दो भागों में बांटने का काम लगभग पूरा करवा लिया गया है। संभवतः आज या कल में दोनों फीडरों पर सप्लाई शुरू हो जाएगी, जिसके बाद यह दिक्कत दूर होगी और किसानों को रोजाना छह घंटे सिंचाई के लिए बिजली मिलने लगेगी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई बिजली देने के नाम पर पैसे मांगता है तो इसकी सीधे सूचना दें। सहायक अभियंता के एक-दो दिन में समाधान के आश्वासन के बाद किसान शांत होकर लौट गए। इस दौरान सरपंच संजय राजपूत, उपसरपंच अकरम खान, वार्ड पंच शीतल, अकरम, लक्ष्मण राजपूत, इल्यास सहित जैकम, आसरमान, इरशाद, भोलाराम जाट, औमा, रामौतार सैनी, राजेश सैनी, बिस्सू जाट, कैलाश सैनी, पप्पू सैनी और सौ से अधिक किसान मौजूद रहे।

