बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर व्यापारी के मुनीम से साढ़े तीन लाख रुपए की लूट
भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) नदबई थाना क्षेत्र में खांगरी बाइपास पर शुक्रवार को बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाशों ने पिस्तौल के दम पर एक व्यापारी के मुनीम से साढ़े तीन लाख रुपए लूट लिए। वारदात के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीचर कॉलोनी निवासी व्यापारी सुरेशचंद पुत्र नेमीचंद ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी कस्बे में गुड़, चीनी, बूरा और चावल की थोक दुकान है। उसके यहां किशनपुरा निवासी शिवराम उर्फ शिब्बो गुर्जर मुनीम है। शुक्रवार को वह मोटरसाइकिल से मई, लखनपुर और हलैना गांवों में उधारी वसूलकर लौट रहा था। शिवराम जैसे ही खांगरी बाइपास के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए काली बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक उसकी बाइक के पास रुके। उन्होंने कमर से पिस्तौल निकालकर शिवराम के पेट पर तान दी और रुपयों से भरा बैग लूट लिया। बैग में कुल 3 लाख 51 हजार 500 रुपए नकद थे। घटना के बाद घबराए मुनीम ने तत्काल मालिक सुरेशचंद को फोन कर जानकारी दी। सूचना पर व्यापारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नदबई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।