जिला कलक्टर की चेतावनी और अपील बेअसर लापरवाह अधिकारी मौन?
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ सहित अन्य उपखंड क्षेत्रों में जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के चलते हुए बरसात के मौसम में गहरे जल कुंड बांधों में धड़ल्ले के साथ लोग नहा रहे हैं। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने की संभावनाएं बनी हुई है।अलेई में बारह महादेव सहित आसपास के क्षेत्र में स्थित कुंड, तालाबों में इन दिनों बरसात होने से लबालब पानी भर गया है जहां पर लोग रोक-टोक नहीं होने से बेफिक्र होकर पानी में अठखेलियां करते हुए देखे जा सकते हैं। ज्ञात रहे की गत दिनों सरसा माता बांध, पाराशर धाम में भी दो युवक मौत की गोद में समा चुके हैं।
गौरतलब रहे कि जिला कलैक्टर ने इस प्रकार के खतरनाक जल भराव क्षेत्र, झरना स्थलों से दूर रहने की भी चेतावनी देते हुए अपील भी की थी। लेकिन वह बेअसर साबित हो रही है। वहीं ऐसे स्थानों पर निगरानी करने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी ध्यान नहीं दे कर बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।