न्याणा की निर्माणाधीन पीएचसी में घटिया सामाग्री लगाने का आरोप:ग्रामीणों ने अधिकारियों से की शिकायत
बीसीएमएचओ ने दिया जांच का आश्वासन
अलवर जिले के गोविन्दगढ़ उपखंड की न्याणा ग्राम पंचायत में एक करोड़ रुपये की लागत से बन रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में बीसीएमएचओ अमरजीत सिंह से शिकायत की है।
- ग्रामीण बोले- घटिया ईंट लगाई जा रहीं
ग्रामीणों का आरोप है कि भवन निर्माण में निम्न गुणवत्ता वाली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर सरपंच सहित कई ग्रामीण निर्माण स्थल पर पहुंचे। उन्होंने उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के उपयोग की मांग की और अधिकारियों से शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीण सचिन ने बताया कि पीएचसी निर्माण में 'तीन नंबर' की घटिया ईंटें लगाई जा रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि निम्न गुणवत्ता के कारण यह भवन भविष्य में जल्द ही जर्जर हो जाएगा। ग्रामीणों की मांग है कि निर्माण कार्य सरकारी टेंडर के नियमों के अनुरूप ही किया जाए।
गोविन्दगढ़ के बीसीएमएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि न्याणा गांव में पीएचसी निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।