विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में हमारी बहनें निभा रही हैं महत्वपूर्ण भूमिका- मुख्यमंत्री
भरतपुर, (कैशलेन्द्र दत्तात्रेय)। जिला स्तरीय लखपति दीदी संवाद एवं टेबलेट वितरण कार्यक्रम रविवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण प्रदान करने के लिए निरंतर महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। महिलाएं आज खेतों से लेकर नौकरी और परिवार की जिम्मेदारियों को समान रूप से निभाते हुए समाज और प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका योजना के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त कार्य किया जा रहा है। इससे जुड़ी अनेक बहनें आज अपने जीवन में आर्थिक रूप से सशक्त बनकर 18 से 40 हजार रुपये प्रतिमाह की आय अर्जित कर रही हैं। कई महिलाएं लखपति दीदी बनकर अब मिलेनियम दीदी के रूप में पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार सृजन और महिला सशक्तिकरण के इस संकल्प से राजस्थान निश्चित रूप से आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश की हर महिला सशक्त और आत्मनिर्भर बनकर विकास की धुरी बनें। आज महिलाएं घूंघट से बाहर निकलकर अपने घर, समाज और राज्य को मजबूती प्रदान कर रही हैं। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाकर महिलाएं आर्थिक रूप से सुदृढ़ हुई हैं। उन्होंने सभी महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं की जानकारी अपनी सहेलियों और पड़ोस की महिलाओं तक पहुंचाकर उनके उत्थान में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान के संकल्प को साकार करने में हमारी बहनें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने अब तक 12 लाख से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सहयोग किया है। रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए रोडवेज में अतिरिक्त दो दिन निःशुल्क यात्रा सुविधा दी गई। महिलाओं के लिए शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया है। केन्द्र सरकार ने रसोई कार्यों में सहयोग हेतु उज्ज्वला योजना तथा कच्चे आवासों के समाधान के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना लागू की गई है। महिलाओं के मान-सम्मान और स्वच्छता के लिए शौचालयों का निर्माण कराया गया है तथा सुरक्षा की दृष्टि से एंटी रोमियो टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ ही लाडो प्रोत्साहन योजना की राशि 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.5 लाख रुपये की गई है। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी व ग्रामीण विकास एवं कृषि कैबिनेट मंत्री किरोडी लाल मीणा संबोधित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अलवर, बांसवाड़ा, बाड़मेर, राजसमंद और उदयपुर जिलों की लखपति दीदियों से संवाद कर उनकी संघर्ष और सफलता की कहानियां सुनी तथा राजीविका से जुड़ी लखपति दीदियों को टेबलेट वितरित किए।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मृदुल सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट राहुल सैनी, राजीविका जिला प्रबंधक भारती भारद्वाज, भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में लखपति दीदियां उपस्थित रहीं।

