पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैर में राज्य स्तरीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं पर व्यक्त की प्रसन्नता
वैर (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय).पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वैर में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा राजस्थान अशोक कुमार मीणा एवं राज्य स्तरीय दल द्वारा विद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय को आवश्यक संबलन एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर उनके साथ मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भरतपुर अनिकेत शर्मा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी वैर सजनी चौधरी एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक अशोक कुमार गुप्ता भी उपस्थित रहे। निरीक्षण दल द्वारा विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान पीएम श्री योजना अंतर्गत आयोजित गतिविधियों, व्यावसायिक शिक्षा प्रयोगशाला, विज्ञान प्रयोगशाला, कक्षा-कक्षों की शैक्षणिक स्थिति, विद्यार्थियों से सीधा संवाद, किचन गार्डन, बाल वाटिका , प्रखर राजस्थान एवं राष्ट्रीय आविष्कार मिशन सहित विद्यालय की समग्र कार्यप्रणाली का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, रुचियों एवं नवाचारात्मक गतिविधियों की जानकारी भी प्राप्त की।
विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन, शिक्षण वातावरण एवं व्यवस्थाओं को देखकर निरीक्षण दल द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई। साथ ही भविष्य की कार्ययोजना के अनुरूप नवाचारी, कौशल आधारित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए पीएम श्री योजना के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से धरातल पर लागू करने हेतु निरंतर प्रयास करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

