बिजली की चोरी पकड़ने गई विजिलेंस टीम पर हमला: लाठी-डंडों और लात घूंसों से की मारपीट, AEN समेत 4 कर्मचारी घायल, लाइनमैन की हालत गंभीर
अलवर में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। कठूमर कस्बे में शनिवार सुबह 7 बजे विजिलेंस की टीम पर बिजली चोरी कर रहे परिवार ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट में AEN समेत चार कर्मचारी घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची कठूमर थाना पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां लाइनमैन बच्ची सिंह बच्चू सिंह चौधरी की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनकी आंख के पास गंभीर चोट आने से खून बहना बंद नहीं हो रहा था, जिसके चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
वहीं दूसरी ओर बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
- विजिलेंस टीम से दो भाइयों ने परिवार के साथ की मारपीट
बिजली विभाग के कर्मचारी मोनू ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली थी कि पट्टी श्मशान घाट रास्ते पर स्थित मकान पर दो भाई हब्बू मीणा और झब्बू मीणा पास में जा रहे बिजली के पोल से बिजली चोरी कर रहे हैं। सूचना पर विजिलेंस की टीम मौके पर पहुंची और बिजली चोरी पकड़ी। इस दौरान आरोपियों और उनके परिजनों को गुस्सा आ गया।
- लाठी-डंडों से मारपीट में एईएन समेत चार घायल
आरोप है कि दोनों भाई हब्बू और झब्बू मीणा ने उनके बेटों सहित करीब 5 पुरुषों और 3 महिलाओं ने एक साथ मिलकर विजिलेंस की टीम पर हमला कर दिया। उन्होंने लाठी-डंडों और लात-घूसों से उनकी जमकर मारपीट कर दी। हमले में विजिलेंस एईएन प्रमोद शर्मा, कर्मचारी राजकुमार, नरोत्तम यादव और लाइनमैन बच्चू सिंह चौधरी घायल हो गए।
वहीं बिजली विभाग की टीम की ओर से आरोपियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
- लाइनमैन के आंख में आई गंभीर चोट
लाइनमैन बच्चू सिंह के परिजन भूपेश शर्मा ने बताया कि उनके हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं और आंख के पास से लगातार खून बह रहा था। जिनको कठूमर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां उनका इलाज जारी है।

