भरतपुर: जिला कलक्टर कमर चौधरी ने 3 घंटे किया विकास कार्यों का औचक निरीक्षण; निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

Oct 11, 2026 - 17:38
 0
भरतपुर: जिला कलक्टर कमर चौधरी ने 3 घंटे किया विकास कार्यों का औचक निरीक्षण; निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिया जोर

भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय) 11 अक्टूबर। जिला कलक्टर कमर चौधरी ने रविवार सुबह भरतपुर शहर में ड्रेनेज, नाले-नालियों, सड़क, फ्लाईओवर निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों का करीब तीन घंटे तक आकस्मिक निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य मास्टर प्लान एवं स्वीकृत डीपीआर के अनुरूप किए जाएं।
बिजली घर चौराहे से निरीक्षण की शुरुआत
जिला कलक्टर सुबह 6:30 बजे अधिकारियों की टीम के साथ बिजली घर चौराहे पहुंचे और विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता को पानी की पाइपलाइन डालने का कार्य निर्धारित समय में पूरा करने तथा बजट घोषणा के अंतर्गत गेल की प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क से संबंधित कार्यों में तेजी लाकर समग्र कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बिजली घर फ्लाईओवर निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम आयुक्त को सुलभ शौचालय एवं आवश्यक दुकानों को हटाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
मास्टर प्लान के अनुरूप हों सड़क एवं ड्रेनेज कार्य
जिला कलक्टर ने बी नारायण गेट क्षेत्र में सड़क, फ्लाईओवर एवं ड्रेनेज कार्यों का निरीक्षण करते हुए जल निकासी और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर कार्य करने के निर्देश दिए। काली बगीची क्षेत्र में नाला निर्माण एवं पाइपलाइन संबंधी कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने जल संसाधन विभाग को पाइपलाइन शिफ्टिंग का कार्य आगामी 15 नवंबर तक पूरा करने की बात कही। 
उन्होंने हीरादास फ्लाईओवर के निर्माणाधीन खंभों में गुणवत्ता मानकों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने तथा हीरादास सर्किल से गोलपुरा रोड तक सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा। उन्होंने सड़क निर्माण क्षेत्र में मौजूद अस्थायी अतिक्रमण एवं अन्य बाधाओं को शीघ्र हटाने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू बनी रहे। उन्होंने गोलपुरा रोड पर डिवाइडर निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता को उपलब्ध कार्यस्थल के अनुसार निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत निगम अधिकारी को विद्युत पोल एवं लाइनों की शिफ्टिंग प्राथमिकता से करने को कहा।
बस स्टैंड से कुम्हेर गेट रोड तक हटाए जाएंगे अतिक्रमण
जिला कलक्टर ने बस स्टैंड से कुम्हेर गेट रोड तक चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर नगर निगम आयुक्त को पुलिस विभाग के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटने से पाइपलाइन एवं विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग का कार्य सुगमता से पूरा हो सकेगा।
इस मार्ग पर टूटी पाइपलाइन के कारण हो रहे जलभराव को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सोमवार तक समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव से आमजन एवं वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्यों की समयबद्ध योजना बनाएं, ताकि बार-बार खुदाई की स्थिति उत्पन्न न हो और सड़क निर्माण में देरी से बचा जा सके।
नुमाइश मेले से पहले दूर होगी जलभराव की समस्या
आगामी श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के मद्देनजर जिला कलक्टर ने नुमाइश मैदान में टूटी पाइपलाइन को शीघ्र ठीक करने तथा मेले के आयोजन से पहले जलभराव की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को असुविधा नहीं हो। उन्होंने हीरादास से कुम्हेर गेट फ्लाईओवर निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया को संबंधित कार्यकारी एजेंसी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित एजेंसियां निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूर्ण करें और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए।
निरीक्षण के दौरान बीडीए आयुक्त कनिष्क कटारिया, नगर निगम आयुक्त श्रवण बिश्नोई, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डी.के. गुप्ता, बीडीए तहसीलदार मनीष कुमार मीना, जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता केशव पांडे, अधिशासी अभियंता महेश शर्मा, अधिशासी अभियंता अनिरुद्ध सिंह, आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता राजुल शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संवेदक उपस्थित रहे।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................