कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में छात्राओं को दी गई विभिन्न छात्रवृत्तियों की जानकारी
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
राजकीय कन्या महाविद्यालय टपूकड़ा में राजस्थान राज्य महिला नीति के अंतर्गत छात्राओं लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज एवं उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दी जाने वाली विभिन्न छात्रवृत्तियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई ।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य मनोज कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाएँ छात्राओं की उच्च शिक्षा में सहायक सिद्ध हो रही हैं। आर्थिक रूप से कमजोर छात्राएँ भी इन योजनाओं से लाभ लेकर अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।
महिला नीति प्रभारी डॉ. उमा शर्मा ने छात्रवृत्तियों की पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया, ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण, आवश्यक दस्तावेज आदि के बारे में जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा सामान्य वर्ग की आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं के लिए राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार की कई योजनाएँ उपलब्ध हैं। इनमें मुख्यमंत्री अनुप्रति योजना, मेधावी छात्रवृत्ति योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के अंतर्गत मिलने वाली छात्रवृत्तियाँ, स्वामी विवेकानंद छात्रवृत्ति आदि प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया और अपनी शंकाएँ पूछीं। महाविद्यालय कर्मी डॉ रमेश चंद्र, श्री सुनील दत्त, डॉ. प्रियंका, श्रीमती मंजू ने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं, बल्कि उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मान का प्रतीक भी है। अंत में प्राचार्य ने सभी छात्राओं से अपील की कि वे इन योजनाओं की समय पर जानकारी लेकर आवेदन करें ताकि कोई भी योग्य छात्रा शिक्षा से वंचित न रह जाए।