सड़क बनने से पहले ही उखड़ने लगी , ग्रामीणों ने लगाये भ्रष्टाचार के आरोप
वैर भरतपुर (कोशलेन्द्र दत्तात्रेय)
उपखंड भुसावर में सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का कार्य पूरा भी नहीं हुआ कि सड़क उखड़ने लग गई। ग्रामीणों ने बताया कि 24 घन्टें बाद में भी पैर लगाते ही डामर और गिट्टी हटने लगी। सड़क पर सिर्फ मिट्टी ही दिखाई देने लगी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान बारिश होने के कारण सड़क निर्माण कार्य को रोक दिया गया था। इसलिए सड़क उखड़ने लगी है।
पैर लगाते ही उखड़ने लगी सड़क- हरभान सिंह छौकडवाडा ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा छौकडवाडा से सलैमपुर खुर्द तक सड़क निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। सोमवार को ठेकेदार द्वारा सड़क डाली गई थी। मंगलवार को ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य को देखने पहुंचे तो पैर लगाते ही सड़क उखड़ने लगी। डामर और गिट्टी हटने के बाद मिट्टी दिखाई देने लगी। ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया है। सड़क उखड़ने के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया एवं सड़क निर्माण कार्य को रुकवाया और सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जितेन्द्र पाल सिंह को मौके पर बुलाया और सड़क निर्माण कार्य के बारे में बताया। जिस पर सहायक अभियंता ने ग्रामीणों पर ही एफआईआर दर्ज कराने की घमकी दी।
सहायक अभियंता बोले-बारिश होने के कारण सड़क निर्माण कार्य को रुकवाया- सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता जितेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि छौकडवाडा से सलैमपुर खुर्द तक 1 किलोमीटर सड़क निर्माण का कार्य करवाया जा रहा है। सोमवार को सड़क निर्माण कार्य कराया जा रहा था। लेकिन अचानक तेज बारिश होने के कारण सड़क निर्माण कार्य को रुकवाया गया।आज ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य को रुकवाने लगे। सोमवार को हुए सड़क निर्माण कार्य में जहां कमी थी उसे ठीक करवाया जा रहा है।