बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनान्तर्गत आमुखीकरण एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम आयोजित
भरतपुर, 08 अक्टूबर। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बुधवार को जिला भरतपुर एवं डीग में समस्त साथिनों के लिए आमुखीकरण एवं क्षमतावर्धन कार्यक्रम अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त कलक्टर द्वारा विभागीय योजनाओं की पुस्तक सशक्त नारी, सशक्त समाज और दैनिक डायरी का विमोचन किया गया तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ दिलाई गई। उप निदेशक महिला अधिकारिता भरतपुर राजेश कुमार एवं डीग के सहायक निदेशक राजेन्द्र कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की। दिशा फाउंडेशन की शालो हेम्ब्रॉम ने बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई और जाजम बैठक के आयोजन के संबंध में बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और बेटियों के उत्थान के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में सतत प्रयासरत है।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं पर चर्चा-
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना की जानकारी सुपरवाइजर सीमा पाल ने कालीबाई भील उड़ान योजना और सीमा कुमारी मीना ने कालीबाई भील महिला संबल शिक्षा सेतु योजना की तथा लोकेन्द्र कुमार ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह अनुदान योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। निशा चौधरी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की और उर्मिला दुबे ने लाड़ो प्रोत्साहन योजना एवं आरती शर्मा ने मुख्यमंत्री नारी प्रशिक्षण कौशल एवं संवर्धन योजना की जानकारी के साथ ही प्रीति चौधरी ने वन स्टॉप सेंटर की पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र की जानकारी नीरज कुंतल द्वारा दी गई।
काउंसलर उमा जैमिनी द्वारा घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए काउंसलिंग एवं महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के बारे में बताया गया। कार्यशाला में जिला डीग से सुपरवाइजर सुमन चौधरी, संगीता कलवानिया, और सुगंधा सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन पूजा वशुमति ने किया।
- कोशलेन्द्र दत्तात्रेय

