मिलावट पर वार अभियान के तहत की कार्यवाही, लिए नमूने
भरतपुर, 08 अक्टूबर। जिला कलक्टर कमर चौधरी के आदेशानुसार जिले में चलाए जा रहे शुद्ध हर मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत बुधवार को मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर के निर्देशन में विभिन्न स्थानों पर खाद्य सामग्री का निरीक्षण कर नमूने एकत्रित किए गए।
मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि शुद्ध हर मिलावट पर वार अभियान के तहत बुधवार को टीम द्वारा ओल्ड रीको इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मित्तल फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया गया जिसमें तेल का स्टोरेज एवं ट्रेडिंग का काम किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि मौके पर फर्म में 14 स्टोरेज टैंक मौजूद थे जिनमें से दो टैंक में लगभग 11 हजार 5 सौ किलो तेल स्थित था साथ ही एक खुली टंकी में लगभग 200 किलो तेल स्थित था। सभी टैंक इस खुली टंकी से जुड़े हुए थे जिसमें सभी टैंक से टंकी में और टंकी से सभी टैंकों में तेल आ-जा सकता है। उन्होंने बताया कि मौके पर देखने पर ऐसा प्रतीत होता है कि उक्त फर्म में अलग-अलग टैंक से तेल टंकी में मिक्स किया जाता है जिससे तेल में मिलावट का अंदेशा है। फर्म से टैंक नंबर 7 तथा टैंक नंबर 1 एवं खुली टैंक टंकी से एक-एक नमूना एफएसएस एक्ट 2006 के अंतर्गत वास्ते जांच लिया गया तथा टैंक नंबर 7 में स्थित लगभग 8 हजार किलो एवं टैंक नंबर 1 में स्थित लगभग 3 हजार 500 किलो तेल को मौके पर ही सीज किया किया गया नमूना जांच हेतु प्रयोगशाला भिजवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि आगे की कार्यवाही नमूने का जांच परिणाम प्राप्त होने के पश्चात की जाएगी। उन्होंने दीपावली त्यौहार को देखते हुए व्यापारियों से अनुरोध किया है कि आने वाले दिनों में भी निरीक्षण एवं नमूनीकरण हेतु अभियान जारी रहेगा। व्यापारी साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ ही जनता को उपयोग हेतु विक्रय करें। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि त्यौहारी सीजन में खाद्य पदार्थ खरीदते वक्त पैकेट पर निर्माण तिथि एक्सपायरी तिथि देखकर ही खाद्य पदार्थ खरीदें एवं खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका होने पर जिला कार्यालय खाद्य सुरक्षा औषधि नियंत्रण पर सूचित करें। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेश कुमार शर्मा, रूप सिंह एवं रोशन लाल यादव मौजूद रहे।
- कोशलेन्द्र दत्तात्रेय

