हस्तशिल्प प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र :अल्पसंख्यक ऋण मेला सह जागरूकता शिविर आयोजित
जयपुर । राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास एवं वित्त निगम भारत सरकार तथा राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड के सहयोग से बुधवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जयपुर कार्यालय परिसर में ऋण मेला सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं और उद्यमियों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित करना था।
इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को व्यवसाय आमुखीकरण,ऋण अदायगी के प्रोत्साहन,बिजनेस एकाउंटिंग सिस्टम जैसे विषयों पर तकनीकी सत्रों के माध्यम से मार्गदर्शन प्रदान किया गया साथ ही लाख की चूड़ियां,जयपुरी जूती,हैंडमेड उत्पाद और आरा तारी कार्य जैसे स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई जिसने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में राज्य सरकार की एक मुश्त समाधान योजना के अंतर्गत ऋण की बकाया मूलधन राशि जमा कराने वाले लाभार्थियों को NOC प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इस पहल को उपस्थित उद्यमियों और सामाजिक संगठनों ने सराहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व अध्यक्ष राजस्थान राज्य अल्पसंख्यक आयोग जसवीर सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में हमीद खान मेवाती प्रदेशाध्यक्ष भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा,हिदायत खान धोलिया पूर्व चेयरमैन राजस्थान मदरसा बोर्ड,रजनी सिंह प्रबंध निदेशक राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड,पदम बिलाला प्रांतीय अध्यक्ष धर्म जागृति संस्थान,लोकेश जैन पूर्व उप सचिव राजस्थान विधानसभा अल्पसंख्यकों के कल्याण सम्बन्धी समिति और विशेष आमन्त्रित सदस्यों में अजय कुमार जैन अध्यक्ष अखिल भारतीय श्रीमाल जैन जागृति संस्था,सुरेन्द्र जैन मुख्य संपादक गुड मॉर्निंग इण्डिया,प्रज्ञा मित्र बोध अध्यक्ष राजस्थान बोध महासंघ,पार्षद प्रतिनिधि हाजी जाकिर खान खो-नागोरियान क्षेत्र एवं समाजसेवी निशात हुसैन ने अपनी सहभागिता निभाई ।
शिविर में जयपुर की विभिन्न NGO और समाजसेवी संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय उद्यमियों,महिला स्व-सहायता समूहों और युवाओं ने हिस्सा लिया। सभी ने कहा कि ऐसे शिविर न केवल आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम हैं,बल्कि यह रोजगार सृजन और सामाजिक जागरूकता की दिशा में भी सार्थक कदम हैं। इस कार्यक्रम में सभी अल्पसंख्यक समुदाय की भागीदारी रही।
- जीनेन्द्र जैन


