आयुर्वेदिक चिकित्सा व पंचकर्म से रोगियों को मिला राहत का संबल: शहरी सेवा शिविर में आयुर्वेद विभाग की अनुकरणीय पहल
उदयपुरवाटी (सुमेर सिंह राव)
शहरी सेवा शिविर के अंतर्गत सोमवार को कस्बे की जमात स्थित महात्मा गांधी स्कूल परिसर में आयुर्वेद विभाग द्वारा नि:शुल्क चिकित्सा एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेन्द्र कुमावत के नेतृत्व में रोगियों को विभिन्न आयुर्वेदिक विधियों से उपचार प्रदान किया गया।
डॉ. कुमावत ने बताया कि शिविर में 42 रोगियों का औषधीय उपचार किया गया, जबकि 15 लोगों को आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान पंचकर्म चिकित्सा पद्धति के तहत स्नेहन,अभ्यंग और कपिंग (अलाबू) थेरेपी द्वारा मरीजों को विशेष राहत प्रदान की गई।
कंपाउंडर दीपक शर्मा द्वारा लगभग 23 रोगियों को मर्म थैरेपी,फायर कपिंग और वेट कपिंग चिकित्सा दी गई, जिससे उन्हें घुटनों,कमर दर्द,माइग्रेन और सर्वाइकल स्पॉन्डिलाइटिस जैसे पुराने दर्दों से राहत मिली।
डॉ. कुमावत ने जानकारी दी कि यह शिविर आगामी 15 तारीख तक जमात स्कूल में संचालित रहेगा।आमजन से आग्रह किया गया है कि वे इस शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं और आयुर्वेद की सुरक्षित एवं प्रभावी चिकित्सा प्रणाली से उपचार प्राप्त करें।

