एडीएम सिटी ने किया नुमाईश मैदान में प्रथम मंगल हाट का निरीक्षण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) नुमाईश मैदान में आयोजित प्रथम मंगल हाट की व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त कलक्टर शहर राहुल सैनी ने मंगलवार को निरीक्षण किया। मंगल हाट का नुमाईश मैदान में यह प्रथम आयोजन था, हाट प्रारंभ होने से पूर्व स्थानीय एवं फुटकर व्यापारियों के लिए बिजली, पानी, आवागमन, सुरक्षा तथा साफ-सफाई जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ हाट में उपस्थित स्थानीय व्यापारियों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। व्यापारियों ने प्रशासन द्वारा प्रदान की गई सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संतोष जाहिर किया। नुमाईश मैदान में आयोजित यह मंगल हाट केन्द्रीय बस स्टैंड एवं पुलिस थाना अटलबंद के समीप स्थित होने से व्यापारियों एवं आमजन दोनों के लिए ही अत्यंत सुविधाजनक सिद्ध हो रही है। उन्होंने बताया कि व्यापारियों के हितों एवं उनके जीविकोपार्जन को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है कि आगामी तिथियों में भी मंगल हाट का आयोजन नुमाईश मैदान में ही किया जाएगा, जिससे स्थानीय लघु व्यापारियों को निरंतर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र चन्द्रमोहन गुप्ता, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. रामकिशन महावर, सचिव नगर निगम भानुप्रताप सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

