लोहागढ़ स्टेडियम में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की तैयारियों का निरीक्षण
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) संभाग मुख्यालय स्थित लोहागढ़ स्टेडियम में आयोजित होने वाले 5वें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2025 की तैयारियों को लेकर एडीएम सिटी राहुल सैनी द्वारा बुधवार को प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला खेल अधिकारी, परियोजना निदेशक आरएसआरडीसी, अधिशाषी अभियंता भरतपुर विकास प्राधिकरण, अधिशाषी अभियंता नगर निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि गेम्स का आयोजन 23 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक प्रस्तावित है। इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने हेतु स्टेडियम परिसर में रंग-पेंट, आधारभूत सुविधाओं के उन्नयन, साफ-सफाई, मुख्य द्वारों के निर्माण, साज-सज्जा आदि कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को प्रदान किए गए।
एडीएम सिटी ने कार्यक्रम के उद्घाटन हेतु अतिथियों की बैठक व्यवस्था, पाण्डाल निर्माण, खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के आवास, जलपान तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समयपूर्व सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी कार्य नियत समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण हों। खेल अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि स्टेडियम परिसर में अनावश्यक रूप से आवागमन करने वाले असामाजिक तत्वों की रोकथाम के लिए प्रभावी उपाय किए जाएँ, ताकि आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं सुव्यवस्था बनी रहे।