बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; चालक फरार
राजगढ़ (अनिल गुप्ता) राजगढ़ थाना क्षेत्र के माचाड़ी गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। तेज रफ्तार बोलेरो कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लक्ष्मण मीणा (32) के रूप में हुई है। लक्ष्मण राजगढ़ स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। सोमवार शाम वह रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान माचाड़ी गांव के समीप सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उसे राजगढ़ अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। राजगढ़ थाना पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।


