सालवाड़ी में ईश्वरदास कुट्टीन क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन, समूची टीम बनी विजेता
कठूमर (दिनेश लेखी) ग्राम सालवाड़ी में आयोजित ईश्वरदास कुट्टीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हो गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सालवाड़ी सरपंच नत्थी लाल मीना रहे।
सोशल वर्कर बिष्णु शर्मा सालवाड़ी ने बताया कि सात दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में कुल 32 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला समोची एवं सौखर टीम के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सौखर की टीम निर्धारित 12 ओवर के मुकाबले में 11 ओवर में 77 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी समूची टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11.3 ओवर में 6 विकेट खोकर मैच जीत लिया और विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मुकाबले में समोची टीम के खिलाड़ी विनेश ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में मात्र 15 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन पर उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
इस मौके पर मैथली शर्मा, राजेश शर्मा, महेश, पवन, सौरभ शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा विजेता टीम समोची को 11 हजार रुपये एवं शील्ड तथा उपविजेता टीम सौखर को 5100 रुपये एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों को साफा एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रतियोगिता समिति के सदस्य अमित शर्मा, गजेन्द्र शर्मा, अनूप शर्मा, पुनित शर्मा, अतुल शर्मा, चेतन शर्मा एवं अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।


