बुलडोजर एक्शन: भरतपुर विकास प्राधिकरण ने ध्वस्त कीं दो अवैध कॉलोनियां; गुण्डवा में 12 हेक्टेयर भूमि अतिक्रमण मुक्त
भरतपुर (कौशलेंद्र दत्तात्रेय) | 29 मई
भरतपुर विकास प्राधिकरण (बी.डी.ए.) ने अवैध कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के खिलाफ अपना कड़ा रुख बरकरार रखते हुए शुक्रवार को एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने ग्राम गुण्डवा क्षेत्र में भारी पुलिस जाब्ते के साथ पहुंचकर अवैध रूप से विकसित की जा रही दो कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई के तहत लगभग 12 हेक्टेयर बेशकीमती भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।
70 अवैध भूखंडों पर चला पीला पंजा, रास्ते खोदे
प्राधिकरण के अतिक्रमण प्रभारी अधिकारी द्वारा पूर्व में जारी सार्वजनिक विज्ञप्ति और 31 अक्टूबर 2025 को की गई कार्रवाई की निरंतरता में शुक्रवार को पैराफैरी क्षेत्र में यह विशेष अभियान चलाया गया। बीडीए की टीम ने मौके पर जेसीबी (JCB) मशीनों की सहायता से अवैध रूप से की गई प्लाटिंग पर प्रहार किया और करीब 70 अवैध भूखंडों की बाउंड्रीवॉल व निर्माणों को जमींदोज कर दिया। इसके अलावा, कॉलोनाइजरों द्वारा ग्राहकों को लुभाने के लिए बनाए गए ग्रेवल रास्तों को भी जेसीबी से खोदकर पूरी तरह समाप्त कर दिया गया।
पहले कराएं भू-उपयोग परिवर्तन, फिर ही काटें प्लॉट
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अतिक्रमियों और जमीन से जुड़े लोगों को अधिकारियों ने सख्त लहजे में हिदायत दी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति बिना नियमानुसार भू-उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज चेंज) कराए और प्राधिकरण से ले-आउट स्वीकृत करवाए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण या प्लाटिंग का कार्य न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर मुस्तैद रहा भारी प्रशासनिक अमला
इस पूरी कार्रवाई को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए मौके पर भारी प्रशासनिक अमला और प्राधिकरण का जाब्ता तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के तहसीलदार (पूर्वी जोन) मुकेश कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक ज्ञानसिंह निमेश व दीवान सिंह, तथा पटवारी दिगम्बर सिंह एवं लोकेश शर्मा सहित कई अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


