बेरका उप स्वास्थ्य केंद्र पर टीकाकरण एवं जाजम बैठक आयोजित
कठूमर। दिनेश लेखी। ग्राम पंचायत बेरका के उप स्वास्थ्य केंद्र पर शुक्रवार को टीकाकरण कार्यक्रम एवं जाजम बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला अधिकारिता विभाग की ग्राम साथिन रुचि रानी द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक में विशेष रूप से लाडो प्रोत्साहन योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि यह योजना 1 अगस्त 2024 से पूरे राजस्थान प्रदेश में लागू की गई है। योजना का उद्देश्य बालिकाओं के जन्म के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, बालिकाओं का समग्र विकास सुनिश्चित करना तथा पालन-पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में होने वाले लिंग भेद को रोकना है। साथ ही संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देकर मातृ मृत्यु दर एवं बालिका शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा घटते शिशु लिंगानुपात में सुधार करना भी योजना का मुख्य उद्देश्य है।
ग्राम साथिन रुचि रानी ने बताया कि योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, विद्यालय में नामांकन एवं ठहराव को बढ़ावा दिया जाएगा तथा बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत प्रसूता का राजस्थान की मूल निवासी होना आवश्यक है तथा बालिका का जन्म राज्य के चिकित्सा संस्थान अथवा जननी सुरक्षा योजना (JSY) से अधिस्वीकृत निजी चिकित्सा संस्थान में होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत बालिका को सात किस्तों में आर्थिक सहायता दी जाएगी। पात्र चिकित्सा संस्थानों में बालिका के जन्म पर ₹2,500, बालिका की आयु एक वर्ष पूर्ण होने एवं समस्त टीकाकरण होने पर ₹2,500, प्रथम कक्षा में प्रवेश लेने पर ₹4,000, कक्षा 6 में प्रवेश पर ₹5,000, कक्षा 10 में प्रवेश पर ₹11,000 तथा कक्षा 12 में प्रवेश पर ₹25,000 की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा सरकार से मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान से स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण करने एवं 21 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर कुल ₹1.50 लाख तक की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
बैठक में उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं की भी जानकारी दी गई। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए पर्यावरण एवं जीव संरक्षण का संदेश देते हुए पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तनों में पानी रखने तथा पेड़-पौधों में पानी डालने का कार्य भी किया गया।
कार्यक्रम में बीसी यूनिसेफ संजय गुप्ता, सीएचओ निशा यादव, एएनएम पिंकी देवी, आशा सहयोगिनी अनीता देवी केंद्र-1, आशा रीना देवी केंद्र-2, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता कलावती एवं पिस्ता देवी सहित मेडिकल विभाग के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, पुरुष एवं बालिकाएं उपस्थित रहे।


