दहेज की बलिवेदी पर चढ़ी एक और मासूम: विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पति समेत 7 पर मामला दर्ज
रामगढ़ (अलवर) उपखंड क्षेत्र के नौगांवा थाना अंतर्गत सेकमबास गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने पति, सास-ससुर और ननद सहित कुल सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और जबरन जहरीला पदार्थ पिलाकर हत्या करने का संगीन आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- तीन साल पहले हुई थी शादी, संतान न होने पर करते थे प्रताड़ित
नौगांवा थाना पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट में मृतका के भाई कन्हैया (निवासी मंडापुर) ने बताया कि उसकी बहन रीना कौर की शादी वर्ष 2021 में सेकमबास निवासी अमरजीत के साथ रीति-रिवाज से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज लाने और संतान न होने का ताना देकर रीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगे थे। कम दहेज की मांग को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट की जाती थी और पति की दूसरी शादी कराने की धमकियां दी जाती थीं।
- पंचायत में हुआ था समझौता, पर नहीं बदले ससुराल वाले
परिजनों ने बताया कि प्रताड़ना से तंग आकर पूर्व में 2 जून 2026 को भी नौगांवा थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस दौरान समाज के पंच-पटेलों ने बीच-बचाव किया और आरोपियों द्वारा भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने के आश्वासन के बाद दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला।
- जबरन जहर देने का आरोप
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे आरोपियों ने रीना के साथ फिर से गंभीर मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन कोई जहरीला पदार्थ पिला दिया गया। हालत बिगड़ने पर उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ तड़प रही रीना ने अपने भाई को आपबीती सुनाई। इसके बाद उसे तुरंत रामगढ़ उप जिला अस्पताल रैफर किया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- इनके खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति अमरजीत, ससुर जगदीश, सास गुरुनामो, ननद शीला, जीजा रमेश, लक्ष्मी सहित अन्य के खिलाफ हत्या और दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है।
हरदयाल यादव, थाना अधिकारी, नौगांवा का कहना है कि - "जहरीला पदार्थ खाने से एक विवाहिता की मौत की सूचना मिली थी। पीहर पक्ष की शिकायत पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गहन अनुसंधान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।"


