रंग-बिरंगी राखियों की चमक से गुलजार हुआ बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़
लक्ष्मणगढ़ (अलवर/कमलेश जैन)। भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन नजदीक आते ही कस्बे के बाजारों में राखियों की खरीदारी को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। जगह-जगह राखियों की दुकानें सज गई हैं और रंग-बिरंगी व आकर्षक राखियां बहनों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। शाम के समय बाजार में खरीदारों की भीड़ बढ़ने से दुकानों पर रौनक नजर आ रही है।
बाजार में एक रुपये से लेकर 200 रुपये तक की राखियां उपलब्ध हैं। दुकानदारों ने बच्चों, युवतियों और महिलाओं की पसंद के अनुसार विभिन्न डिजाइन और रंगों की राखियां मंगाई हैं। बच्चों में कार्टून किरदारों वाली राखियों की विशेष मांग बनी हुई है। वहीं रंगीन धागों, आकर्षक सजावट वाली चांदी और डिजाइनर राखियां भी ग्राहकों को पसंद आ रही हैं।
पारंपरिक राखियों की भी अच्छी बिक्री हो रही है। गुलाबी, नारंगी और लाल रंग के धागों वाली राखियों को बहनें खास तौर पर पसंद कर रही हैं। लोग अपनी पसंद, परंपरा और बजट के अनुसार राखियों की खरीदारी कर रहे हैं।
- शाम को बढ़ रही ग्राहकों की भीड़
राखी विक्रेता खेमचंद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से राखियों की बिक्री में तेजी आई है। सुबह और दोपहर की अपेक्षा शाम के समय बाजार में अधिक ग्राहक पहुंच रहे हैं। त्योहार नजदीक आने के साथ बिक्री में और बढ़ोतरी की उम्मीद है। मांग को देखते हुए दुकानदारों ने राखियों का अतिरिक्त स्टॉक भी मंगवा लिया है।
- उपहार और मिठाइयों की भी बढ़ी मांग
राखियों के साथ ही बाजार में गिफ्ट पैक, चॉकलेट, ड्राई फ्रूट्स और मिठाइयों की मांग भी बढ़ने लगी है। पारंपरिक मिठाइयों में बर्फी, कलाकंद और घेवर की बिक्री में हल्का उछाल आया है। इसके अलावा कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या बढ़ने लगी है। रक्षाबंधन को लेकर बाजार में खरीदारी का माहौल बनने से व्यापारियों में भी उत्साह नजर आ रहा है।

