जिले में बढ़ रहे अपराधों को लेकर मीणा समाज व अपराध अन्वेषण ब्यूरो ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
सरमथुरा , धौलपुर (नाहर सिंह मीणा) धौलपुर में मीणा समाज के जिला अध्यक्ष किशन सिंह मीणा एवं अपराध अन्वेषण ब्यूरो संस्था के जिला कमांडेंट सियाराम मीणा ने जिला कलेक्टर श्रीमती निधी बी.टी. एवं जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर जिले में लगातार बढ़ रहे अपराधिक व असामाजिक तत्वों की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए इस पर सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
अधिकारियों को बताया गया कि कई क्षेत्रों में संगठित आपराधिक गतिविधियाँ, नशा तस्करी, और असामाजिक तत्वों का प्रभाव आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि ऐसे तत्वों पर निगरानी बढ़ाई जाए और सख्त कदम उठाए जाएं ताकि जिले में कानून व्यवस्था बहाल रहे।
ब्यूरो के जिला कमांडेंट सियाराम मीणा ने बताया कि अपराध अन्वेषण ब्यूरो, संस्था नीति आयोग भारत सरकार के अधीनस्थ पंजीकृत संस्था है, जो देशभर में अपराध नियंत्रण, जनजागरूकता एवं सामाजिक सुधार के क्षेत्र में कार्यरत है। संस्था द्वारा समय-समय पर ऐसे मुद्दों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जाता है। समाज के हित में उठाया गया यह कदम प्रशासन की सक्रियता और जनसुरक्षा को मजबूती प्रदान करेगा।


