सैनी समाज का होनहारों सम्मान समारोह 5 अक्टूबर को
खैरथल (हीरालाल भूरानी)
सैनी समाज बारह गांव सेवा समिति द्वारा समाज के होनहार छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए आगामी 5 अक्टूबर को प्रतिभावान छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर समिति की कार्यकारिणी ने जिला सैनी महासभा खैरथल-तिजारा के जिला अध्यक्ष तेजराम सैनी मातौर वालों से विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष तेजाराम सैनी ने समारोह के पोस्टर का विमोचन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज की प्रगति का आधार है और प्रतिभाओं का सम्मान समाज के लिए प्रेरणा का कार्य करता है।
उन्होंने समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा होगा और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। समिति के सचिव नरेश सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं और इसके तहत रविवार की देर शाम को सभी बारह गांवों में पंपलेट और फ्लेक्स का वितरण किया गया। उन्होंने बताया कि इस सम्मान समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया जाएगा। समारोह को सफल बनाने के लिए समिति के पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठजनों ने भी विचार साझा किए।

