बंदी अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्य धारा में शामिल हो- मोहन सिंह
डीग के कारागार में अपराधी सुधार दिवस का किया गया आयोजन
डीग (नीरज जैन) डीग जिला कारागार मे जिला प्रशासन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा समाज कल्याण सप्ताह के अंतर्गत अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहन सिंह की अध्यक्षता में अपराधी सुधार दिवस मनाया गया । जिसमें बंदियों को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्य धारा में शामिल होने की सलाह दी गई।
जिला समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह ने बंदियों से अपराध से बचने का आह्वान किया तथा और उन्हें समाज की मुख्य धारा में जुड़ने का संकल्प दिलाया।उन्होंने बंदियों के अधिकारों के बारे में विस्तार जानकारी प्रदान की। जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह ने बंदियों के उज्जवल भविष्य के लिए स्वरोजगार योजना एवं अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
जेल विजिटर पैनल अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा ने बंदियों को निशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी प्रदान की। जेलर रामचंद्र ने उक्त कार्यक्रम के उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए जेल प्रशासन की तरफ से पूरा सहयोग करने का भरोसा दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी बंदियों को फल वितरित किए गए। इस अवसर पर जेल विजिटर प्रियंका शर्मा, सीताराम,भरत सिंह, कप्तान सिंह, अनिल, सुन्दर सिंह, आशा, सुहिल खान जेल कर्मीयो सहित बंदीगण उपस्थित रहे।