अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम:महिलाओं व बालिकाओं को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी
लक्ष्मणगढ़ (अलवर) कमलेश जैन
अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर आज ब्लॉक लक्ष्मणगढ़ की पंचायत समिति सभागार में महिला अधिकारिता विभाग, अलवर के निर्देशानुसार एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला अधिकारिता विभाग ब्लॉक लक्ष्मणगढ़ के पर्यवेक्षक मकसूद खान ने की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं, महिलाओं एवं साथिनों ने भाग लिया। इस अवसर पर पर्यवेक्षक मकसूद खान ने राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं जैसे लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना, फ्री RSCIT कोर्स तथा शिक्षा सेतु योजना की जानकारी उपस्थित जनसमूह को दी।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के बारे में बताया कि इस योजना के अंतर्गत महिला उद्यमियों को एक करोड़ रुपए तक का ऋण प्रदान किया जाता है, जिसमें 25 से 30 प्रतिशत तक की सब्सिडी विभाग द्वारा डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे लाभार्थी को दी जाती है। कार्यक्रम में विभाग द्वारा संचालित पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र तथा वन स्टॉप सेंटर की भी विस्तृत जानकारी दी गई। पर्यवेक्षक मकसूद खान ने बताया कि इन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की पीड़ित महिला विधिक, चिकित्सा, पुलिस सहायता एवं काउंसलिंग जैसी सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकती हैं।
इसके अलावा, लक्ष्मणगढ़ थाने में संचालित महिला अधिकारिता विभाग से अनुदानित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पर कार्यरत काउंसलर सुनीता शर्मा एवं किरण वर्मा ने भी महिलाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित नियमों एवं अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के पश्चात पर्यवेक्षक मकसूद खान ने पुलिस थाना लक्ष्मणगढ़ स्थित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों काउंसलर सुनीता शर्मा व किरण वर्मा उपस्थित पाई गईं। पर्यवेक्षक ने उपस्थिति रजिस्टर, परिवाद रजिस्टर एवं फॉलो अप रजिस्टरों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं में शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

