सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर निकलेगी एकता पदयात्रा
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा “एकता पदयात्रा” का आयोजन भरतपुर एवं बयाना में किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य देश की एकता, अखण्डता एवं राष्ट्रीय भावना को सुदृढ़ बनाना है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा ने बताया कि एकता पदयात्रा का प्रथम चरण 7 नवम्बर शुक्रवार को भरतपुर जिला मुख्यालय पर आयोजित किया जाएगा। यह पदयात्रा सुबह 11.00 बजे मल्टीपर्पज स्कूल से प्रारंभ होकर बिजली घर चौराहा, मधुरा गेट, चौबुर्जा, गंगा मंदिर, लक्ष्मण मंदिर, कोतवाली होते हुए कुम्हेर गेट तक पहुंचेगी। इस पदयात्रा में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि इसी श्रृंखला में पदयात्रा का द्वितीय चरण 18 नवम्बर मंगलवार को उपखण्ड मुख्यालय बयाना में आयोजित किया जाएगा। यह पदयात्रा भी सुबह 11 बजे प्रारंभ होगी, जिसमें देश की एकता और समरसता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, विचारों और योगदान पर जन जागरूकता संदेश दिए जाएंगे।
अतिरिक्त कलक्टर ने बताया कि दोनों चरणों की पदयात्राएं सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में आयोजित की जाएंगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर राष्ट्रनिर्माता सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने में सहभागी बनें।