विगत 2 वर्षों में डीग ने विकास की नई रफ़्तार पकड़ी है, हर खेत को पानी और हर घर को स्वास्थ्य देना हमारा संकल्प है= सुरेश सिंह रावत
डीग (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को ऐतिहासिक जल महलों में आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह, जिला कलेक्टर उत्सव कौशल और जिला पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश मीणा ने संयुक्त रूप से राज्य सरकार की उपलब्धियों का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के लिए सुसज्जित 'प्रचार रथों' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री रावत ने डीग जिले में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों का ब्यौरा आमजन के समक्ष रखा।
प्रभारी मंत्री रावत ने कहा, हमारी सरकार ने पिछले दो वर्षों में उन परियोजनाओं को गति दी है जो वर्षों से लंबित थीं। डीग जिले में पानी की समस्या के स्थाई समाधान के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। ईआरसीपी (राम जल सेतु) पर 9000 करोड़ से अधिक के कार्य प्रगतिरत हैं। चिकित्सा हो या सड़क, हमने हर क्षेत्र में बजट की कमी नहीं आने दी है। यह रथ यात्रा जनता को यह बताने का माध्यम है कि आपकी सरकार आपके द्वार पर खड़ी है।
रावत ने बताया गया कि डीग जिले में हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। डीग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जिला चिकित्सालय में क्रमोन्नत किया गया है। जिले वासियों को गंभीर रोगों की जांच के लिए अब बाहर नहीं भटकना पड़ेगा, क्योंकि डीग में अतिआधुनिक मैमोग्राफी, एमआरआई और सीटी-स्कैन मशीनें स्थापित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त कामां एवं कुम्हेर सीएचसी को उप जिला चिकित्सालयों में क्रमोन्नत कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है। साथ ही, 82 उपस्वास्थ्य केंद्रों और 12 पीएचसी को 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' के रूप में संचालित कर ग्रामीणों को घर के पास इलाज दिया जा रहा है।
जल संसाधन मंत्री रावत ने जिले की लाइफलाइन मानी जाने वाली पेयजल और सिंचाई परियोजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि राम जल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित ईआरसीपी) को धरातल पर उतारने के लिए लगभग 9416.70 करोड़ रुपये के पैकेज में कार्य प्रगतिरत हैं, जिससे क्षेत्र की प्यास बुझेगी। नहरी तंत्र को मजबूत करते हुए गुड़गांव मुख्य नहर और वितरिकाओं के 75 किमी हिस्से का जीर्णोद्धार 85.28 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। वहीं, जल जीवन मिशन के तहत 18,780 नए नल कनेक्शन जारी कर 'हर घर जल' के संकल्प को पूरा किया जा रहा है।
सड़क तंत्र और ऊर्जा सुरक्षा में नए आयाम
उन्होंने बताया कि जिले में कनेक्टिविटी को वर्ल्ड क्लास बनाने के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। यातायात दबाव को कम करने के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से 16 किमी लंबे डीग बाईपास निर्माण की निविदा जारी हो चुकी है और 60 करोड़ रुपये की लागत से नगर बाईपास की डीपीआर का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ऊर्जा क्षेत्र में, 33/11 केवी के 7 नए सब-स्टेशन स्थापित किए गए हैं और 12,179 परिवारों को घरेलू विद्युत कनेक्शन देकर रोशन किया गया है।
सुशासन और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता
उन्होंने बताया कि प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए डीग में मिनी सचिवालय का निर्माण किया जाएगा ,यहां जिला एवं सेशन न्यायालय की स्थापना की जा चुकी है। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए डीग में नवीन साइबर पुलिस थाना खोलने की स्वीकृति जारी की गई है। साथ ही महिला सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड का गठन किया गया है। कार्यक्रम में भाजपा की जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा भी मौजूद थी।
विधायक डॉ शैलेश सिंह ने डीग जिले में कराई गई विकास कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में गांव , गरीब,महिला ,युवा और किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण रूपेण प्रयास रत है।