डॉक्टरों के 6 पद खाली, इलाज कराए बिना वापस लौट रहे रोगी; अस्पताल पर निर्भर 80 हजार लोग परेशान
खैरथल ( हीरालाल भूरानी ) जिला मुख्यालय पर स्थित एकमात्र अस्पताल, जिस पर शहर की करीब 80 हजार आबादी और आसपास के 50 से अधिक गांवों की स्वास्थ्य जिम्मेदारी है, खुद बदहाल हालात में जूझ रहा है। अनुभवी डॉक्टर से बेहतर इलाज और समय पर दवा मिलने की उम्मीद लेकर प्रतिदिन पांच सौ से अधिक मरीज इलाज के लिए सैटेलाइट अस्पताल पहुंचते हैं, मगर विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिलने के चलते काफी संख्या में मरीज बिना पर्ची कटाए वापस लौट जाते हैं। वही कुछ मरीजों को यहां गांवों से भी बदतर इंतजाम झेलने पड़ रहे हैं। डॉक्टर सरकारी अस्पताल की बजाय अपने निजी क्लीनिकों में सेवाएं दे रहे हैं, जिससे सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इसी सेटेलाइट अस्पताल के पास ही सीएमएचओ कार्यालय स्थित है। जब निगरानी और प्रशासनिक कार्यालय पास में हो और हालात फिर भी न सुधरें, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
13 पद स्वीकृत, 7 डॉक्टर ही सेवा दे रहे
सैटेलाइट अस्पताल में डॉक्टरों के 13 पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में 7 डॉक्टर ही अपनी सेवा दे रहे। शेष 6 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। इनमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, जर्नल सर्जन, हड्डी रोग विशेषज्ञ और अन्य मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं। वही कार्यरत कुछ डॉक्टर छुट्टी पर तो कुछ नदारद रहते हैं। मरीजों को निजी अस्पतालों या अलवर दिखाने जाना पड़ रहा। ऐसे में आर्थिक नुकसान के साथ परेशानी झेलने को मजबूर हैं।
केस-1 : घाटला निवासी रतनलाल जो छाती के दर्द से पीड़ित थे उनका कहना है कि घाटला से खैरथल सैटेलाइट अस्पताल दिखाने आए, घंटों इंतजार करने के बाद भी डॉक्टर नहीं आए। आखिर अन्य डॉक्टर को दिखा वापस लौटना पड़ा।
केस : 2 : एलर्जी से पीड़ित पेहल निवासी गीता देवी ने बताया कि सैटेलाइट अस्पताल में दिखाने आई, मगर मरीजों की लाइन काफी बड़ी थी। खड़े खड़े परेशान हो चुकी। काफी देर खड़े होने के बाद जब नम्बर नहीं आया तो बिन डॉक्टर को दिखाए वापस लौटी।
इस संबंध में सेटेलाईट अस्पताल के पीएमओ डाक्टर नितिन शर्मा ने बताया कि जिस दिन कोई डॉक्टर छुट्टी पर होता है, मरीजों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ती है। वर्तमान में वायरल बुखार, जुकाम, खांसी, और अस्थमा के मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। उच्च अधिकारियों को रिक्त पदों के बारे में अवगत कराया हुआ है।


